रायपुर। छत्तीसगढ़ के 25वें राज्योत्सव समारोह में शामिल होने आ रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दौरे को लेकर सुरक्षा व्यवस्था पूरी कर ली गई है। पूरे कार्यक्रम की सुरक्षा की जिम्मेदारी एडीजी दीपांशु काबरा को सौंपी गई है। रायपुर और नवा रायपुर क्षेत्र में पांच एडीजी, बारह डीआईजी और दो हजार से अधिक पुलिसकर्मी तैनात रहेंगे। वहीं, एसपीजी के पुलिस महानिरीक्षक सहित करीब सत्तर कमांडो पहले ही रायपुर पहुंच चुके हैं।
पुलिस के अनुसार, राजधानी से लेकर नवा रायपुर तक सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए हैं। किसी भी प्रकार की अव्यवस्था रोकने के लिए एक नवंबर को सुबह आठ बजे से रात दस बजे तक नवा रायपुर में भारी वाहनों की नो-एंट्री लागू रहेगी। आम नागरिकों की सुविधा के लिए रूट डायवर्जन और सोलह पार्किंग जोन बनाए गए हैं। पार्किंग स्थलों से कार्यक्रम स्थल तक लोगों को पहुंचाने के लिए सौ ई-रिक्शा की व्यवस्था की गई है।
इस बार राज्य की रजत जयंती के अवसर पर राज्योत्सव समारोह विशेष रूप से भव्य होने जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक नवंबर को नवा रायपुर में राज्योत्सव का शुभारंभ करेंगे और विभिन्न कार्यक्रमों में शामिल होंगे।
तय कार्यक्रम के अनुसार, प्रधानमंत्री मोदी विशेष विमान से सुबह 9:40 बजे रायपुर पहुंचेंगे। वे सुबह दस से साढ़े दस बजे तक सत्य साईं संजीवनी अस्पताल में बच्चों से संवाद करेंगे। इसके बाद ब्रह्मकुमारी के शांति शिखर भवन और छत्तीसगढ़ विधानसभा के नए भवन का शुभारंभ करेंगे। दोपहर में वे जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों के संग्रहालय का लोकार्पण करेंगे और इसके बाद राज्योत्सव के मुख्य समारोह में शामिल होंगे। शाम चार बजे के बाद प्रधानमंत्री दिल्ली के लिए रवाना होंगे।
राज्योत्सव को लेकर सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तैयारियां की हैं। नवा रायपुर क्षेत्र में बीस आईपीएस, सौ एडिशनल एसपी और डीएसपी रैंक के अधिकारी तथा पांच हजार पुलिसकर्मी तैनात किए गए हैं। सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी एडीजी स्तर के अधिकारी करेंगे। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक डॉ. लाल उम्मेद सिंह ने बताया कि सभी सेक्टरों में अधिकारियों की ड्यूटी लगाई गई है और भीड़ नियंत्रण के लिए सिविल ड्रेस में भी पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।




