रायपुर। छत्तीसगढ़ में कड़ाके की ठंड एक बार फिर दस्तक दे चुकी है। शीतलहर से आमजनों को राहत देने के लिए राजधानी रायपुर नगर निगम ने शहर के विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर अलाव जलाने की व्यवस्था शुरू कर दी है। निगम के अनुसार, राजधानी में 2 दर्जन से अधिक जगहों पर नियमित रूप से अलाव की सुविधा प्रदान की जा रही है।
कमिश्नरों ने जोन स्वास्थ्य अधिकारियों के माध्यम से महादेवघाट रायपुरा, महोबा बाजार, चंगोरा भाठा बाजार, ब्रम्हदेईपारा खमतराई, जयस्तम्भ चौक, कलेक्टर ऑफिस स्थित डॉ बी.आर. अम्बेडकर चौक, नेताजी सुभाष स्टेडियम, मोती बाग, डंगनिया पानी टंकी स्कूल के पास, शंकर नगर चौपाटी, तेलीबांधा तालाब मरीन ड्राइव और अंतरराज्यीय बस स्टैंड भाठागांव सहित प्रमुख स्थलों पर अलाव की व्यवस्था सुनिश्चित की है।
जोन 9 कार्यालय परिसर के पास मोवा सहित अन्य मुख्य सार्वजनिक स्थानों पर भी ठंड से बचाव के लिए अलाव जलाए जा रहे हैं। निगम का कहना है कि शीतलहर की पूरी अवधि के दौरान जोन कार्यालयों के माध्यम से प्रतिदिन विभिन्न स्थानों पर अलाव जलाए जाएंगे, ताकि जरूरतमंदों को त्वरित राहत मिल सके।




