दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग में गुरुवार शाम वायशेप ब्रिज पर हुए एक दर्दनाक हादसे ने पूरे क्षेत्र को दहला दिया। ब्रिज पर एक ई-रिक्शा अचानक अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में 18 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि उसकी मां गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद रिक्शा चालक मौके से फरार हो गया। यह घटना स्मृति नगर पुलिस चौकी क्षेत्र की बताई जा रही है।
मृतका की पहचान मालवीय नगर निवासी नेहा पटनायक (18) के रूप में हुई है। वहीं, उसकी मां उषा पटनायक (45) को गंभीर चोटें आई हैं। उन्हें इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, गुरुवार शाम नेहा अपनी मां के साथ ई-रिक्शा से मॉडल टाउन की ओर जा रही थी। जैसे ही रिक्शा वायशेप ब्रिज पर बटालियन रोड के पास पहुंची, चालक ने नियंत्रण खो दिया और वाहन पलट गया। रिक्शा पलटने से नेहा उसके नीचे दब गई, जिससे उसे सिर पर गंभीर चोट आई और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
Read Also- हाईकोर्ट के फैसले के बाद तेज हुई प्राचार्य प्रमोशन प्रक्रिया, 10 नवंबर तक दस्तावेज जमा करने के निर्देश
हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत दोनों को बाहर निकाला और अस्पताल पहुंचाया। लेकिन डॉक्टरों ने नेहा को मृत घोषित कर दिया। उषा पटनायक का इलाज जारी है।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे के समय ट्रैफिक बहुत ज्यादा नहीं था, लेकिन तेज रफ्तार और मोड़ पर असंतुलन के कारण ई-रिक्शा पलट गया। सूचना मिलते ही सुपेला, स्मृति नगर और यातायात पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि फरार ड्राइवर की पहचान कर उसे जल्द गिरफ्तार किया जा सके।




