जांजगीर-चांपा। जिले में रफ्तार ने एक बार फिर एक युवा की जान ले ली। जांजगीर-बिलासपुर मार्ग पर ग्राम नरियरा के पास रविवार तड़के एक तेज रफ्तार कैप्सूल वाहन ने बाइक सवार दो युवकों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में एक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। मृतक की पहचान अतुल कुमार साहू के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि दोनों युवक रोज की तरह ट्यूशन क्लास के लिए जा रहे थे।
सूचना मिलते ही मुलमुला थाना पुलिस मौके पर पहुंची। हादसे की खबर फैलते ही परिजन और ग्रामीण बड़ी संख्या में वहां जुट गए और आक्रोश व्यक्त करते हुए सड़क पर शव रखकर चक्काजाम कर दिया। ग्रामीणों ने मृतक के परिवार को आर्थिक मुआवजा और एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन देर तक बातचीत बेनतीजा रही।
Read Also- SIR अभियान ने पकड़ी रफ्तार: 5 दिन में 30 लाख मतदाताओं तक पहुँचे BLO, घर-घर बाँटे फार्म
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना में शामिल कैप्सूल वाहन नरियरा स्थित जिंदल पावर प्लांट का बताया जा रहा है। टक्कर के बाद वाहन चालक मौके से फरार हो गया। वहीं घायल युवक को गंभीर हालत में उपचार के लिए बिलासपुर रेफर किया गया है।
फिलहाल पुलिस ने वाहन और चालक की तलाश शुरू कर दी है। ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार से लगातार हादसे हो रहे हैं, लेकिन प्रशासन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठा पाया है।




