रायपुर। छत्तीसगढ़ में मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान ने रफ्तार पकड़ ली है। राज्यभर में बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर पहुंचकर मतदाताओं को गणना प्रपत्र और घोषणा प्रपत्र प्रदान कर रहे हैं। अभियान की शुरुआत के पांच दिनों के भीतर ही (4 से 8 नवम्बर के बीच) करीब 30 लाख मतदाताओं तक बीएलओ पहुंच चुके हैं, जो अभियान की तीव्र गति को दर्शाता है।
राज्य के कुल 2 करोड़ 12 लाख 30 हजार 737 पंजीकृत मतदाताओं में से अब तक 29 लाख 29 हजार 125 मतदाताओं को गणना प्रपत्र (प्रारूप-08) वितरित किए जा चुके हैं, जो निर्धारित लक्ष्य का लगभग 14 प्रतिशत है। बीएलओ मतदाताओं के घर जाकर न केवल प्रपत्र दे रहे हैं, बल्कि उनसे आवश्यक जानकारी और दस्तावेज भी एकत्र कर रहे हैं, ताकि मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाया जा सके।
मतदान केंद्र स्तर पर सतत मॉनिटरिंग
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार, डीईओ, ईआरओ और एईआरओ स्तर के अधिकारी मतदान केंद्रों पर किए जा रहे कार्यों की सतत मॉनिटरिंग कर रहे हैं। अधिकारी फील्ड में जाकर प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं, जिससे यह सुनिश्चित हो सके कि प्रत्येक पात्र नागरिक का नाम मतदाता सूची में सम्मिलित हो।
Read Also- छत्तीसगढ़ में बड़ा सुधार: संपत्ति गाइडलाइन निर्धारण के नए नियम लागू, 25 साल पुराना सिस्टम खत्म
मुख्य सचिव तक पहुंचे बीएलओ
अभियान के दौरान राज्य के मुख्य सचिव विकास शील के आवास पर भी बूथ लेवल अधिकारी पहुंचे। नवा रायपुर स्थित शासकीय आवास में बीएलओ ने मुख्य सचिव को गणना प्रपत्र (प्रारूप-08) और घोषणा प्रपत्र (Annexure-4) प्रदान किया तथा आवश्यक जानकारी संकलित की। मुख्य सचिव ने इस अवसर पर कहा, मतदाता सूची का अद्यतन लोकतांत्रिक व्यवस्था की आधारशिला है। प्रत्येक पात्र नागरिक को इसमें सहयोग करते हुए अपने मताधिकार के प्रति सजग रहना चाहिए।
“सटीक मतदाता सूची की दिशा में बड़ा कदम” – मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी यशवंत कुमार ने भी रायपुर उत्तर विधानसभा क्षेत्र के देवेन्द्र नगर स्थित अपने निवास पर बीएलओ से प्रपत्र प्राप्त किए और जानकारी प्रदान की। उन्होंने कहा कि, एसआईआर अभियान के तहत बीएलओ की सक्रिय भागीदारी मतदाता सूची को सटीक, पारदर्शी और अद्यतन बनाने की दिशा में एक बड़ा कदम है।
राज्य में यह अभियान ग्रामीण से लेकर शहरी क्षेत्रों तक समान उत्साह के साथ जारी है। निर्वाचन आयोग का लक्ष्य है कि आगामी चुनावों से पहले मतदाता सूची को पूरी तरह अद्यतन कर लिया जाए, ताकि प्रत्येक पात्र नागरिक अपने मताधिकार का प्रयोग कर सके।




