धमतरी। जिला अस्पताल में जल्द ही नई ट्रामा यूनिट की शुरुआत होने जा रही है। इसके शुरू होने से सड़क दुर्घटना और गंभीर रूप से घायल मरीजों को अब पहले से कहीं ज्यादा तेज और बेहतर इलाज मिल सकेगा। स्वास्थ्य सुविधाओं के लिहाज से इसे जिले के लिए बड़ी राहत और खुशखबरी माना जा रहा है।
नई ट्रामा यूनिट को आधुनिक सुविधाओं से तैयार किया गया है। यहां इमरजेंसी सेवा, इंजेक्शन रूम, ड्रेसिंग कक्ष और फिजियोथैरेपी जैसी जरूरी सुविधाएं एक ही परिसर में उपलब्ध होंगी, जिससे मरीजों और उनके परिजनों को भटकना नहीं पड़ेगा।
मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. यूएल कौशिक ने जिला अस्पताल अधिकारियों के साथ ट्रामा यूनिट भवन का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने सभी कक्षों का अवलोकन किया और जरूरी दिशा-निर्देश दिए।
अधिकारियों के मुताबिक रविवार से पुराने भवन से इमरजेंसी सेवाओं को नई यूनिट में शिफ्ट करने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। वहीं दूसरी मंजिल में अटल आरोग्य लैब का प्रारंभिक संचालन पहले ही शुरू हो चुका है।
नई ट्रामा यूनिट के प्रथम तल में बर्न वार्ड, कार्डिक केयर यूनिट (सीसीयू), आइसोलेशन वार्ड और ट्रेनिंग हॉल जैसी महत्वपूर्ण सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इससे गंभीर मरीजों के इलाज की क्षमता और मजबूत होगी।
निरीक्षण के दौरान मरीजों की सुविधा को ध्यान में रखते हुए प्रवेश और निकास मार्गों की व्यवस्था भी देखी गई। साथ ही सभी कक्षों के बाहर स्पष्ट नेम प्लेट लगाने और लिफ्ट इंस्टॉलेशन कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।
स्वास्थ्य विभाग का कहना है कि ट्रामा यूनिट के पूरी तरह शुरू होने के बाद आपातकालीन उपचार व्यवस्था में बड़ा सुधार आएगा। स्थानीय लोगों में भी इसे लेकर उत्साह है। उनका मानना है कि अब गंभीर हादसों के दौरान मरीजों को समय पर इलाज मिल सकेगा और कई जिंदगियां बचाई जा सकेंगी।




