कोरबा: छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले के उरगा थाना क्षेत्र अंतर्गत भैसमा गांव में आबकारी विभाग की टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया। ग्रामीणों ने टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर को ढाई घंटे तक बंधक बनाकर रखा तथा मुखबिर प्रमोद देवांगन और वाहन चालक की पिटाई की। विभागीय वाहन में भी तोड़फोड़ की गई। घटना की सूचना पर पुलिस ने अधिकारी को मुक्त कराया। गांव में तनावपूर्ण माहौल बना हुआ है।
जानकारी के अनुसार आबकारी विभाग की टीम प्रभारी नारायण सिंह कंवर के नेतृत्व में स्कॉर्पियो वाहन से कार्रवाई के लिए भैसमा गांव पहुंची थी। टीम में दो वर्दीधारी कर्मचारी, मुखबिर एवं चालक शामिल थे। कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों से विवाद हुआ तथा उन्होंने टीम को घेर लिया। नारायण सिंह कंवर को बंधक बनाया गया जबकि मुखबिर प्रमोद देवांगन (पताड़ी निवासी) एवं चालक की जमकर पिटाई की गई। शेष स्टाफ किसी तरह मौके से भाग निकला।
स्टाफ ने उच्च अधिकारियों को सूचना दी तथा 112 टीम को बुलाया गया, लेकिन ग्रामीणों के आक्रोश के कारण वह वापस लौट गई। इसके बाद उरगा पुलिस पहुंची तथा नारायण सिंह कंवर को मुक्त कराया। सभी अधिकारी एवं कर्मचारी उरगा थाना पहुंचे तथा घटना की शिकायत दर्ज कराई।
ग्रामीण मुखबिर प्रमोद देवांगन पर अवैध वसूली का आरोप लगा रहे हैं। उनका कहना है कि वह मुखबिरी करवाकर कार्रवाई कराता है तथा लोगों से अवैध वसूली करता है। इसी आक्रोश में पिटाई एवं तोड़फोड़ की घटना हुई।
आबकारी अधिकारी आशा सिंह ने बताया कि फोन पर घटना की जानकारी मिली तथा शिकायत दर्ज करने के निर्देश दिए गए। कोरबा सीएसपी भूषण एक्का ने कहा कि आबकारी विभाग द्वारा मारपीट की शिकायत की जा रही है तथा शिकायत मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस जांच में जुटी है।




