रायपुर। यूथ कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रीति मांझी एक विवादित सोशल मीडिया पोस्ट के चलते सुर्खियों में हैं। उन्होंने नक्सल संगठन के कुख्यात कमांडर माड़वी हिडमा के समर्थन में पोस्ट करते हुए “लाल सलाम कामरेड हिड़मा” लिखकर श्रद्धांजलि दी। यह पोस्ट सामने आने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है।
माड़वी हिडमा बस्तर क्षेत्र में नक्सलियों का शीर्ष कमांडर माना जाता था और सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार वह झीरम घाटी हमले सहित 26 से अधिक बड़े नक्सली हमलों का मास्टरमाइंड रहा है। झीरम घाटी कांड में कांग्रेस के कई वरिष्ठ नेता शहीद हुए थे। ऐसे कुख्यात नक्सली के समर्थन में की गई पोस्ट से राजनीतिक दलों ने गंभीर आपत्ति व्यक्त की है।
घटना के बाद विभिन्न राजनीतिक नेताओं ने प्रीति मांझी के पोस्ट को निंदनीय बताया और इस पर स्पष्टीकरण की मांग की है। सुरक्षा एजेंसियां भी इस मामले पर नजर बनाए हुए हैं, क्योंकि सोशल मीडिया पर नक्सल समर्थक सामग्री को गंभीरता से लिया जाता है।
प्रीति मांझी की ओर से अब तक इस मामले पर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। विवाद बढ़ने के बाद कांग्रेस संगठन के भीतर भी इस पोस्ट को लेकर चर्चा तेज हो गई है।




