दुर्ग। अमलेश्वर थाना क्षेत्र के ग्राम जमराव में गुरुवार को एक दर्दनाक हादसा हो गया, जब 15 वर्षीय आशीष सरोज की खारून नदी में डूबने से मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आशीष अपने दोस्तों के साथ नहाने गया था, लेकिन गहराई में फिसलने के कारण वह पानी में समा गया।
घटना की सूचना मिलते ही दुर्ग कंट्रोल रूम ने तुरंत हरकत में आते हुए जिला सेनानी एवं अग्निशमन अधिकारी नागेंद्र कुमार सिंह के निर्देश पर SDRF (राज्य आपदा मोचक बल) की टीम को मौके पर रवाना किया।
SDRF की टीम ने दो घंटे के ऑपरेशन में निकाला शव
SDRF की टीम में शामिल अनुभवी डीप डाइवर्स इंद्रपाल यादव, राजकुमार यादव और नरोत्तम चंदेल ने घटनास्थल पर पहुंचकर करीब दो घंटे तक सर्च ऑपरेशन चलाया। आखिरकार टीम को सफलता मिली और शव को नदी से बाहर निकाला गया।
शव को कानूनी प्रक्रिया के तहत स्थानीय पुलिस की उपस्थिति में परिजनों को सौंप दिया गया। मृतक की पहचान आशीष सरोज, पिता पंकज सरोज, उम्र 15 वर्ष, निवासी बजरंग नगर वार्ड 37, रायपुर के रूप में की गई है।
शोक में डूबा परिवार, उठे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल
इस हृदयविदारक हादसे के बाद पूरे इलाके में शोक की लहर है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। वहीं, स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सवाल किया है कि नदियों के किनारों पर पर्याप्त सुरक्षा उपाय क्यों नहीं किए जाते?
लोगों की मांग है कि संवेदनशील इलाकों में चेतावनी बोर्ड, बैरिकेड्स और स्थायी निगरानी दल तैनात किए जाएं, ताकि इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
SDRF और प्रशासन की अपील
जिला सेनानी नागेंद्र कुमार सिंह ने कहा कि SDRF टीम ने समय रहते मौके पर पहुंचकर कुशलता से राहत कार्य को अंजाम दिया। उन्होंने नागरिकों से मानसून सीजन में विशेष सावधानी बरतने की अपील करते हुए कहा:
“कृपया बच्चों को अकेले नदी या तालाब के पास जाने से रोकें। जलभराव और बहाव के मौसम में ज़रा सी लापरवाही जानलेवा साबित हो सकती है।




