KHABARWAAD CRIME DESK. उत्तर प्रदेश के आगरा में पति-पत्नी के विवाद का अनोखा मामला सामने आया है। घरेलू विवाद के चलते मायके में रह रही पत्नी ने ऑनलाइन ही पति की सुपारी दे डाली। वॉट्सएप स्टेटस के जरिए पति की हत्या करने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम देने का ऐलान कर दिया। पत्नी का स्टेटस देखने के बाद दहशत में आया पति थाने पहुंचा और मदद की गुहार लगाई है। साथ ही पत्नी के दोस्त पर भी धमकाने के आरोप लगाए हैं।
मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, आगरा के बाह थाना इलाके का यह मामला है। फरियादी ने दर्ज कराई शिकायत में कहा कि 9 जुलाई 2022 को उसकी शादी मध्य प्रदेश के भिंड जिले की एक युवती से हुई थी। शादी के बाद से ही पत्नी से विवाद होने लगा और वह उसी साल दिसंबर में अपने भिंड स्थित मायके चली गई।
Read Also- गर्भवती महिला का कर दिया नशबंदी ऑपरेशन, जिंदगी और मौत के बीच जूझ रही महिला
पत्नी ने भिंड की अदालत में ही भरण पोषण का वादा भी दायर कर दिया। पति को इसके चलते तारीख पर भिंड जाना पड़ता था। इसी बीच, कोर्ट से तारीख पर लौटते वक्त ससुरालवालों ने दामाद को जाने से मारने की धमकी दे डाली।
अब बीते दिन पत्नी ने अपने वॉट्सएप स्टेटस पर पति को मारने के लिए सुपारी दे डाली। पत्नी ने स्टेटस पर लिखा, मेरी मर्जी के खिलाफ शादी हुई है। पति को मारने वाले को 50 हजार रुपए का इनाम दिया जाएगा।
प्रभारी निरीक्षक बाह श्याम सिंह ने बताया कि युवक की शिकातय के बाद धमकी देने और सूचना प्रोद्योगिकी अधिनियम 2008 की धारा 67 के तहत केस दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।




