KHABARWAAD DURG. पुलिस ने ट्रक चालक से चाकू की नोक पर मोबाइल और नगदी लूटने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में सफलता पाई है। दोनों आरोपी छावनी थाना अंतर्गत पावर हाउस भिलाई के रहने वाले हैं।
जानकारी के मुताबिक विक्की देवीदास उईके निवासी नागपुर महाराष्ट्र ने सुपेला थाने में शिकायत दर्ज कराई की 6-7 अप्रैल की रात करीब 1ः30 बजे वो ट्रक लेकर बाम्बे जाने के लिए निकला था और कोसानाला टोल प्लाजा सुपेला के पास पहुंचा था। वहां पर वो ट्रक को खड़ा कर पेशाब करने के लिए उतरा। इसी दौरान दो व्यक्ति आए और चाकू दिखाकर उसकी जेब से 3 हजार रुपए और मोबाइल फोन लूट लिया।
सूचना मिलते ही सुपेला पुलिस पुलिस आरोपियों की तलाश में जुट गई। पुलिस ने घटना स्थल और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज को खंगाला और मुखबीर को अलर्ट किया। इसी दौरान मुखबिर से पता चला कि शक्ति नगर सपना टाकीज के पास छावनी निवासी कृष्णा राजभर (20 साल) और समीर खान (24 साल) को घटना के समय में संदेहास्पद स्थिति में देखा गया था।
पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया और थाने लाई। पूछताछ करने पर दोनो ने अपना जुर्म कबूल कर लिया। उनके पास से पुलिस नेमोबाईल और नगदी रकम 1740 रुपए जब्त किया। इसके बाद दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।




