Jammu-kashmir-election-2024 : जम्मू-कश्मीर विधानसभा चुनाव के दूसरे चरण में बुधवार को छह जिलों की 26 सीटों पर मतदान हो रहे हैं. सुबह 9 बजे तक 10.22 प्रतिशत मतदान हुआ है. अधिकारियों ने बताया कि मतदान केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा के बीच सुबह सात बजे मतदान शुरू हुआ. उन्होंने बताया कि जम्मू की सुरनकोट (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) सीट पर सबसे अधिक 14.57 प्रतिशत मतदान हुआ, जबकि पुंछ हवेली में 14.56 प्रतिशत वोट पड़े.
कश्मीर घाटी में 15 विधानसभा क्षेत्रों में सबसे अधिक कंगन (अनुसूचित जनजाति आरक्षित) सीट पर 13.52 प्रतिशत मतदान हुआ है. इसके बाद चरार-ए-शरीफ में 13 प्रतिशत और गांदेरबल में 12.06 प्रतिशत वोट पड़े. उन्होंने बताया कि हब्बकदल निर्वाचन क्षेत्र में सबसे कम 2.63 प्रतिशत मतदान हुआ. दूसरे चरण में 26 सीटों पर 25.78 लाख मतदाता 239 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे.
कश्मीर के श्रीनगर जिले के निर्वाचन क्षेत्र हजरतबल, खानयार, हब्बाकदल, लाल चौक, चन्नापोरा, जदीबल, सेंट्रल शाल्टेंग और ईदगाह में मतदान हो रहे हैं. बडगाम जिले के खंड बडगाम, बीरवाह, खानसाहिब, चरार-ए-शरीफ और चादूरा में वोटिंग चल रही है. इसके अलावा गांदरबल जिले के दो निर्वाचन क्षेत्रों कंगन और गांदरबल में भी मतदान हो रहे हैं.
जम्मू संभाग में गुलाबगढ़, रियासी, श्री माता वैष्णो देवी, कालाकोट-सुंदरबनी, नौशेरा, राजौरी, बुद्धल, थन्नामंडी, सुरनकोट, पुंछ हवेली और मेंढर में वोटिंग की जा रही है.




