जगदलपुर। स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव 2 दिवसीय बस्तर प्रवास पर हैं। वहीं मंगलवार की शाम उन्होंने जगदलपुर में मीडिया से बातचीत की। बस्तर में लगातार भाजपा नेताओं की हो रही हत्या को लेकर राज्य में सियासत गरमाई हुई है। जगदलपुर पहुंचे स्वास्थ्य मंत्री टीएस सिंहदेव ने मीडिया से कहा कि मैंने ज्यादा हत्या के बारे में नहीं सुना। लेकिन, 2-3 हत्या के बारे में पता चला है। उन्होंने कहा कि, अचानक हुई घटनाओं में चाहे पुलिस हो या अन्य कोई भी डिपार्टमेंट इसमें कुछ नहीं कर पाता है। लेकिन, कोई पुरानी रंजिश हो तो उसके लिए पुलिस विभाग और सूचना तंत्र को सतर्क रहना चाहिए।
सिंहदेव बोले- अभी काम करना बाकी
टीएस सिंहदेव ने कहा कि, हमने घोषणा पत्र में जो-जो वादे किए थे उनमें से कई वादों को पूरा किया गया है। कुछ अधूरे हैं। कोशिश है पूरे किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि अभी संविदा शिक्षकों को ही रेगुलर किया गया है। बाकी अब आंगनबाड़ी, कर्मचारियों की नियमितीकरण की मांग, रसोइया संघ, सफाई कर्मी इनकी मांगों को पूरा करना बाकी है।




