छत्तीसगढ़ में सुरक्षाबलों को नक्सलियों के खिलाफ एक और बड़ी सफलता मिली है। कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में सुरक्षाबलों ने 40 लाख रुपये के इनामी नक्सली प्रभाकर को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस प्रशासन ने इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की है, लेकिन नक्सलियों ने पोस्टरों और बैनरों के जरिए प्रभाकर के पुलिस कस्टडी में होने की जानकारी दी है। साथ ही, नक्सलियों ने उसे सुरक्षित रूप से कोर्ट में पेश करने की मांग की है।
रविवार को कांकेर जिले के अंतागढ़ क्षेत्र में एक बैनर देखा गया, जो नक्सलियों द्वारा लगाया गया था। इस बैनर में नक्सलियों ने प्रभाकर के पुलिस कस्टडी में होने का दावा करते हुए उसे अदालत में सुरक्षित पेश करने की मांग की है। पुलिस ने इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है, लेकिन यह बैनर यह संकेत दे रहा है कि प्रभाकर की गिरफ्तारी हो चुकी है।
सूत्रों के मुताबिक, प्रभाकर को 19 दिसंबर को घेराबंदी करके पकड़ा गया था, हालांकि पुलिस ने तब तक इस खबर की पुष्टि नहीं की थी। अब नक्सलियों द्वारा लगाए गए पोस्टरों से यह स्पष्ट हो गया है कि प्रभाकर सुरक्षाबलों की गिरफ्त में है।




