बीजापुर। जिले के कुटरू एसडीओपी पर तकनीकी सहायक और पंचायत सचिव के साथ गाड़ी रोककर मारपीट करने का आरोप लगा है। पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक का कहना है कि सड़क पर साइड नहीं देने पर एसडीओपी तेवर में आ गए और गाड़ी रोकवाकर उनके साथ मारपीट की है। हालांकि इस घटना को लेकर पुलिस ने भी एक प्रेस नोट जारी किया है। पुलिस का कहना है कि वे लापरवाही पूर्वक गाड़ी चले रहे थे।
मिली जानकारी के अनुसार भैरमगढ़ जनपद के तकनीकी सहायक संतोष कुंजाम और उसकापटनम ग्राम पंचायत के सचिव बाबू राम पुलसे ने भैरमगढ़ थाना में लिखित शिकायत देते हुए बताया है कि वे उसकापटनम में प्रधानमंत्री आवास का निरिक्षण कर लौट रहे थे। इस दौरान कुटरू नैमेड मुख्य मार्ग में स्थित ग्राम तुगला के पास एसडीओपी ब्रिज किशोर यादव ने अपने दो सुरक्षाकर्मियों के साथ रुकवाकर उनसे परिचय पूछा और फिर बंदूक की नोक पर लात, मुक्का और लकड़ी से बेहोश होते तक पीटा।
पंचायत सचिव और तकनीकी सहायक ने अपने शिकायत में यह बात भी कही है के वे नशे से दूर रहते हैं और बड़े सावधानी के साथ गाड़ी चला रहे थे। फिर एसडीओपी ने उन्हें जबरन पीटा। इस घटना के बाद वे काफी डरे हुए हैं। उन्होंने मेडिकल जांच करवाने का भी भैरमगढ़ थाना प्रभारी से अनुरोध किया है।
पुलिस ने जारी की प्रेस नोट
पुलिस ने इस घटना को लेकर एक प्रेस रिलीज जारी की है। इसमें उन्होंने बताया है कि स्विफ्ट कार में सवार तकनीकी सहायक संतोष कुंजाम और पंचायत सचिव बाबू राम पुलसे लापरवाही पूर्वक गाड़ी चले रहे थे। तीन से चार मोटरसाइकिल को वे ठोकते हुए बचे थे। इसलिए उन्हें रोककर पुलिसकर्मी दिवा जितेंद्र सोमारू उरसा पूछताछ कर रहे थे। इस दौरान उनमें कहा सुनी हुई। इस पर एसडीओपी ने मामले को शांत कराया। पुलिस ने प्रेस नोट में बताया है कि घटना से संबंधित शिकायत थाना भैरमगढ़ में प्राप्त होने पर पुलिस अधीक्षक बीजापुर द्वारा प्रारंभिक तथ्यों के आधार पर, वाहन रोकने के दौरान उत्पन्न विवाद में संलिप्त रहे पुलिसकर्मी दिवा जितेन्द्र एवं सोमारू उरसा को निलंबित करते हुए संपूर्ण घटना के विरुद्ध विभागीय जांच आरंभ की गई है। जांच के निष्कर्षों के आधार पर दोषियों के विरुद्ध आवश्यक विभागीय एवं कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।




