अहमदाबाद। आईपीएल सीजन 18 का कारवां अब अपने आखिरी मुकाम पर पहुंच चुका है। आज शाम फाइनल मुकाबले में रजत पाटीदार की कप्तानी वाली रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) और श्रेयस अय्यर की अगुवाई वाली पंजाब किंग्स (PBKS) आमने-सामने है। PBKS के कप्तान श्रेयस ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का फैसला किया है।
IPL के पिछले सीजन में चौथे स्थान पर रहने वाली RCB ने इस सीजन में शानदार प्रदर्शन करते हुए ग्रुप स्टेज में दूसरे स्थान पर रहकर लीग स्टेज का अंत किया और 9 साल बाद लीग के खिताबी मुकाबले में जगह पक्की की है। जबकि, पिछले सीजन नौवें स्थान पर रहने वाली पंजाब किंग्स ग्रुप चरण में शीर्ष पर रही और अपने दमदार प्रदर्शन के चलते 11 साल बाद फाइनल में एंट्री ली। दोनों ही टीमें 18 साल के आईपीएल इतिहास में अब तक एक भी खिताब नहीं जीत सकी हैं। ऐसे में आज आईपीएल को नया चैंपियन मिलेगा।
आईपीएल सीजन 18 का यह खिताबी मुकाबला आज शाम 7:30 बजे से अहमदाबाद के नरेंद्र मोदी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में खेला जाएगा। मैच से पहले इस स्टेडियम की पिच रिपोर्ट, रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के हेड टू हेड स्टेटस और दोनों टीमों की संभावित प्लेइंग 11 समेत अन्य जरूरी अपडेट्स पर एक नजर डालते हैं।
बता दें कि रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु को क्वालीफायर-1 में पंजाब किंग्स के खिलाफ 8 विकेट से शानदार जीत मिली थी। वहीं पंजाब किंग्स ने क्वालीफायर-2 मुकाबले में मजबूत मुंबई इंडियंस (MI) के खिलाफ 204 रन का लक्ष्य 5 विकेट खोकर हासिल कर लिया था।
विराट-श्रेयस पर रहेगी सभी की नजर
बेंगलुरु के स्टार बल्लेबाज कोहली ने इस संस्करण में अब तक 14 पारियों में 55.81 की औसत और 146.53 की स्ट्राइक रेट के साथ 614 रन बनाए हैं। इस बीच उन्होंने 8 अर्धशतक लगाए हैं। वहीं आईपीएल इतिहास में उन्होंने PBKS के खिलाफ 35 पारियों में 133.02 की स्ट्राइक रेट से 1,116 रन बनाए हैं। उनका सर्वश्रेष्ठ स्कोर 113 रन है।
जबकि, पंजाब के कप्तान अय्यर ने मौजूदा सीजन में 16 पारियों में 54.81 की औसत और 175.80 की स्ट्राइक रेट से 603 रन बनाए हैं। वहीं, आईपीएल इतिहास में RCB के खिलाफ 17 पारियों में 120.35 की स्ट्राइक रेट से 408 रन बनाए हैं। इस टीम के खिलाफ उनका सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन 67 रन रहा है।
गेंदबाजी में इन खिलाड़ियों पर रहेगी सभी की नजर
आईपीएल के मौजूदा सीजन में बेंगलुरु की ओर से गेंदबाजी में हेजलवुड ने 11 मैचों में 15.80 की औसत के साथ 21 विकेट लिए हैं। जबकि, पंजाब के अर्शदीप ने 16 मुकाबलों में 18 विकेट झटके हैं। आईपीएल इतिहास में भुवनेश्वर कुमार PBKS के खिलाफ 24 पारियों में 19.94 की औसत से 32 विकेट लेकर बेंगलुरु के सबसे सफल गेंदबाज हैं। वहीं पंजाब के युजवेंद्र चहल ने RCB के खिलाफ सबसे ज्यादा 9 विकेट झटके हैं।
RCB बनाम PBKS हेड टू हेड में किसका पलड़ा है भारी?
IPL इतिहास में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु और पंजाब किंग्स के बीच कड़ी प्रतिद्वंद्विता देखने को मिली है। दोनों टीमें अब तक 36 बार एक-दूसरे से भिड़ चुकी हैं, जिसमें दोनों टीमों ने 18-18 मैच जीते हैं।
IPL 2025 में पंजाब के खिलाफ बेंगलुरु का पलड़ा है भारी
मौजूदा सीजन में 18 अप्रैल को बारिश से प्रभावित मैच में पंजाब ने शुरुआती मुकाबला जीता, लेकिन बेंगलुरु ने दो दिन बाद 7 विकेट की जीत के साथ बदला ले लिया। पंजाब को बड़ा झटका क्वालीफायर-1 में लगा, जहां RCB ने PBKS को सिर्फ 101 रन पर आउट कर दिया और 10 ओवर के अंदर लक्ष्य का पीछा करते हुए, जोरदार अंदाज़ में फाइनल में अपनी जगह पक्की कर ली। अब IPL 2025 के फाइनल में RCB और PBKS के बीच जोरदार मुकाबला होने की उम्मीद है।
नरेंद्र मोदी स्टेडियम की पिच रिपोर्ट
नरेंद्र मोदी स्टेडियम में लाल और काली मिट्टी दोनों से बनी हुई पिच है। लाल मिट्टी की पिच अच्छा उछाल देती है, जिससे शॉट्स खेलने में आसानी होती है। काली मिट्टी की पिच पर उछाल तो सामान्य होता है, लेकिन यह स्पिनरों को मदद करती है। यहां पहली पारी का औसत स्कोर 173 रन है। क्वालीफायर-2 में दोनों टीमों ने यहां 200 से ज्यादा रन बनाए थे। ऐसे में संभावना है कि एक बार फिर रनों की खूब बारिश होगी।
बेंगलुरु और पंजाब की प्लेइंग-11
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु
फिलिप साल्ट, विराट कोहली, मयंक अग्रवाल, रजत पाटीदार (कप्तान), लियाम लिविंगस्टोन, जितेश शर्मा (विकेटकीपर), रोमारियो शेफर्ड, क्रुणाल पंड्या, भुवनेश्वर कुमार, यश दयाल, जोश हेज़लवुड।
पंजाब किंग्स
प्रियांश आर्य, जोश इंग्लिस (विकेटकीपर), श्रेयस अय्यर (कप्तान), नेहल वढेरा, शशांक सिंह, मार्कस स्टोइनिस, अजमतुल्लाह उमरजई, काइल जैमीसन, विजयकुमार विशाक, अर्शदीप सिंह, युजवेंद्र चहल।




