रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय की अध्यक्षता में आज नवा रायपुर के महानदी भवन में आयोजित हुई राज्य मंत्रिपरिषद की बैठक में कई अहम फैसले लिए गए, जिनका उद्देश्य छत्तीसगढ़ की समृद्ध कला एवं संस्कृति को मजबूती देना है।
बैठक में विशेष रूप से नवा रायपुर अटल नगर में ‘कलाग्राम’ की स्थापना को मंजूरी दी गई है। इस कलाग्राम के लिए संस्कृति विभाग को 10 एकड़ भूमि निःशुल्क आवंटित की गई है। इसके साथ ही, इस भूमि के बदले आवश्यक प्रतिपूर्ति राशि नवा रायपुर अटल नगर विकास प्राधिकरण को देने का भी निर्णय लिया गया।
Read Also- साय कैबिनेट का बड़ा फैसला: दामाखेड़ा को मिली नई पहचान, अब कहलाएगा ‘कबीर धर्म नगर दामाखेड़ा’
यह कलाग्राम प्रदेश के शिल्पकारों, लोक कलाकारों और पारंपरिक कारीगरों के लिए समर्पित एक ऐसा केंद्र होगा जो न केवल उनकी प्रतिभा को उभारने का मंच प्रदान करेगा, बल्कि छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण और संवर्धन में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। यहाँ स्थानीय कलाकारों को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर अपनी कला का प्रदर्शन करने का स्थायी अवसर मिलेगा, जिससे उनकी प्रतिभा को व्यापक पहचान मिलेगी।
सरकार का यह कदम छत्तीसगढ़ की सांस्कृतिक पहचान को नई ऊंचाइयों पर ले जाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण प्रयास माना जा रहा है। इस पहल से प्रदेश की लोक कला और शिल्प कौशल को प्रोत्साहन मिलेगा और आने वाली पीढ़ियों के लिए यह सांस्कृतिक धरोहर संजोने का महत्वपूर्ण केंद्र साबित होगा।




