लोरमी,: लालपुर थाना क्षेत्र के पेंड्रीतालाब गांव में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां खेत में काम कर रही 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला सोनिया साहू की अज्ञात हमलावर ने कुदाली से हमला कर हत्या कर दी। यह घटना रविवार को तब हुई जब सोनिया साहू अपनी नाती-बहू के साथ पड़ोसी गांव पेंड्रीतालाब में खेत में काम करने गई थीं।
पुलिस के अनुसार, एक अज्ञात युवक ने मौके पर पहुंचकर सोनिया के हाथ से कुदाली छीनी और उस पर जानलेवा हमला किया। इस हमले में बुजुर्ग महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना को नाती-बहू ने अपनी आंखों के सामने देखा, जिसके बाद उन्होंने तुरंत ग्रामीणों को सूचना दी। ग्रामीणों ने लालपुर थाना पुलिस को इसकी जानकारी दी। पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लिया और पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी गई है।
लालपुर थाना प्रभारी ने बताया कि अज्ञात हमलावर की तलाश के लिए पुलिस की टीमें गठित कर दी गई हैं। आसपास के इलाकों में छानबीन की जा रही है और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। प्रारंभिक जांच में हत्या का कोई स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस ने ग्रामीणों से भी अपील की है कि यदि किसी के पास हमलावर के बारे में कोई जानकारी हो, तो वह तुरंत पुलिस को सूचित करें। इस घटना से गांव में दहशत का माहौल है, और लोग सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को पकड़ने का आश्वासन दिया है।




