शहडोल। जिले के जयसिंहनगर थाना क्षेत्र में बीती रात करीब 1 बजे हुए सड़क हादसे में जीजा-साले की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसा भैंसहा तिराहा के पास हुआ। स्थानीय लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। पुलिस के मुताबिक दोनों मृतक विजहा और सेमरा गांव के रहने वाले थे, वे किसी काम से विजहा से सेमरा जा रहे थे। इस दौरान भैंसहा तिराहा के पास अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक को टक्कर मार दी, हादसे में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई।
घटनास्थल पर मौजूद एक स्थानीय व्यक्ति ने बताया कि दोनों के शव सड़क पर पड़े थे और पास में ही क्षतिग्रस्त बाइक भी पड़ी थी। उसने तत्काल पुलिस को सूचना दी। सूचना पर जयसिंहनगर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया है। वहीं पुलिस अज्ञात वाहन और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। थाना प्रभारी अजय बैगा ने बताया कि मामले में केस दर्ज कर लिया गया है। अज्ञात वाहन की तलाश के लिए पुलिस टीम रवाना कर दी गई है। जल्द ही वाहन और चालक का पता लगा लिया जाएगा।




