पटना: बिहार में एक बार फिर अपराधियों ने सनसनीखेज वारदात को अंजाम दिया है। राजधानी पटना से करीब 50 किलोमीटर दूर पालीगंज अनुमंडल के रानीतालाब थानाक्षेत्र के धाना गांव में अज्ञात अपराधियों ने बालू कारोबारी रमाकांत यादव की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना उस वक्त हुई जब रमाकांत यादव अपने घर के बाहर बगीचे में टहल रहे थे।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने रेडी टू ईट निर्माण एवं वितरण हेतु रायगढ़ जिले में 10 महिला स्व-सहायता समूहों को सौंपे अनुबंध पत्र
पुलिस के अनुसार, गुरुवार शाम रमाकांत यादव रोज की तरह घर के बाहर टहल रहे थे, तभी अचानक कुछ अपराधी वहां पहुंचे और उन पर ताबड़तोड़ गोलियां चला दीं। गोली लगते ही रमाकांत यादव जमीन पर गिर पड़े। गोलीबारी की आवाज सुनकर परिवार के सदस्य दौड़े और घायल रमाकांत को तत्काल बिहटा के एक निजी अस्पताल में ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
रमाकांत यादव पिछले कई वर्षों से बालू के कारोबार से जुड़े हुए थे और स्थानीय स्तर पर एक प्रभावशाली व्यक्ति माने जाते थे। हत्या के पीछे की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो पाई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और घटनास्थल से सबूत जुटाकर जांच शुरू कर दी है। आरोपियों की तलाश में पुलिस छापेमारी कर रही है।
इस हत्या से गांव में दहशत का माहौल है। रमाकांत यादव के भतीजे और स्थानीय मुखिया राहुल कुमार ने एक चौंकाने वाला खुलासा किया है। उन्होंने बताया कि 15 साल पहले उनके पिता उमाकांत यादव की भी इसी तरह गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। यह घटना अब परिवार के लिए एक और गहरा सदमा बन गई है।
स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में लगातार अपराध बढ़ते जा रहे हैं और प्रशासन की निष्क्रियता से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। फिलहाल पूरे गांव में तनाव का माहौल है और सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी गई है।




