रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पुलिस को एक और बड़ी सफलता हाथ लगी है। गुढ़ियारी थाना क्षेत्र के रामनगर स्थित साहू भवन गेट के सामने से मध्यप्रदेश निवासी अंतर्राज्यीय गांजा तस्कर दीपक पटेल को 10 किलो 963 ग्राम गांजे के साथ रंगे हाथ गिरफ्तार किया गया। बरामद गांजे की अनुमानित बाजार कीमत लगभग 1 लाख 10 हजार रुपये बताई गई है।
रील बनाने के चक्कर में युवक की कार 300 फीट खाई में गिरी, गंभीर रूप से घायल
यह कार्रवाई एंटी क्राइम यूनिट और रामनगर चौकी पुलिस की संयुक्त टीम द्वारा की गई। पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि एक व्यक्ति संदिग्ध अवस्था में गांजा लेकर कहीं जाने की तैयारी में है। सूचना मिलते ही पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए बताए गए स्थान पर दबिश दी। मौके पर पहुंचने के बाद पुलिस ने संदिग्ध हुलिए वाले व्यक्ति को हिरासत में लिया।
पकड़े गए आरोपी की पहचान दीपक पटेल, पिता अरुण पटेल, उम्र 27 वर्ष, निवासी ग्राम खजुवाकला, जिला रीवा (मध्यप्रदेश) के रूप में हुई है। तलाशी के दौरान आरोपी के बैग से करीब 11 किलो गांजा बरामद हुआ। पूछताछ में आरोपी ने माना कि वह गांजे की तस्करी के लिए रायपुर आया था।
गांजा तस्करी के इस मामले में आरोपी के खिलाफ थाना गुढ़ियारी में अपराध क्रमांक 328/25, धारा 20बी नारकोटिक ड्रग्स एंड साइकोट्रॉपिक सब्सटेंस एक्ट (NDPS Act) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि यह गांजा कहां से लाया गया था और किसे इसकी सप्लाई की जानी थी।
इस मामले को लेकर रायपुर पुलिस ने कहा कि नशे के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। रायपुर रेंज के आईजी अमरेश मिश्रा और एसएसपी डॉ. लाल उमेद सिंह के निर्देशन में नशे के कारोबार पर कड़ी निगरानी रखी जा रही है। सभी थाना प्रभारियों और एंटी क्राइम यूनिट को निर्देश दिए गए हैं कि वे संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखें और सूचना मिलने पर तत्काल कार्रवाई करें।




