सतारा
महाराष्ट्र के सतारा जिले से एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां सोशल मीडिया पर मशहूर होने की चाहत में एक युवक को अपनी जान जोखिम में डालनी पड़ी। रील बनाते समय एक कार 300 फीट गहरी खाई में गिर गई, जिसमें बैठा युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा वाघपुर पठार के टेबल पॉइंट पर हुआ, जो पर्यटकों के बीच लोकप्रिय जगह है।
बस्तर में साइबर ठगी का आतंक, 4500 से अधिक मामले दर्ज, 5.5 करोड़ की चपत
घटना का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। हादसे की सूचना मिलते ही पाटन पुलिस मौके पर पहुंची और चारों युवकों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने बताया कि युवक सतारा के घोलेश्वर का रहने वाला साहिल अनिल जाधव (20) अपने चार दोस्तों के साथ टेबल पॉइंट घूमने गया था।
बताया जा रहा है कि रील बनाने के लिए साहिल और उसके दोस्त कार के साथ स्टंट कर रहे थे। इस दौरान साहिल अकेले कार में था और उसके दोस्त बाहर उतरकर वीडियो रिकॉर्ड कर रहे थे। अचानक स्टंट के दौरान कार का संतुलन बिगड़ा और वह सीधे 300 फीट गहरी खाई की ओर लुढ़क गई। गनीमत रही कि कार बीच रास्ते में ही अटक गई, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
स्थानीय लोगों की मदद से साहिल को खाई से बाहर निकाला गया और उसे तुरंत कराड के अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों के अनुसार, युवक की हालत गंभीर बनी हुई है और उसका इलाज जारी है।
यह हादसा सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और युवाओं की लापरवाही को उजागर करता है। पुलिस ने युवाओं से अपील की है कि सोशल मीडिया पर वायरल होने के चक्कर में ऐसी जानलेवा हरकतों से दूर रहें। साथ ही टेबल पॉइंट जैसे पर्यटन स्थलों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की बात भी कही जा रही है।




