रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर के उरला थाना क्षेत्र स्थित अछोली इलाके में शुक्रवार रात एक दृष्टिहीन युवक की लाश फांसी के फंदे पर लटकी हुई मिली। यह दृश्य देखकर स्थानीय लोगों में हड़कंप मच गया। तत्काल मामले की सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद उरला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
लोकल मेमू और डेमू ट्रेन सेवाएं फिर से होंगी शुरू, यात्रियों को बड़ी राहत
प्राप्त जानकारी के अनुसार, मृतक युवक दृष्टिहीन था और संदिग्ध परिस्थिति में उसकी मौत हुई है। घटनास्थल की स्थिति को देखते हुए पुलिस आत्महत्या और हत्या दोनों पहलुओं पर जांच कर रही है। फिलहाल शव को मर्चुरी में सुरक्षित रखवा दिया गया है और शनिवार को पोस्टमार्टम किया जाएगा, जिसके बाद मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मृतक की पहचान कर ली गई है और परिजनों को सूचना दे दी गई है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और यह जानने की कोशिश की जा रही है कि मृतक की किसी से कोई दुश्मनी या पारिवारिक विवाद तो नहीं था। पुलिस ने घटनास्थल से कुछ साक्ष्य भी जुटाए हैं, जिनका विश्लेषण किया जा रहा है।
घटना के बाद से क्षेत्र में सनसनी का माहौल है और लोग घटना की सच्चाई जानने को लेकर चिंतित हैं। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही आगे की कार्रवाई की जाएगी।




