गरियाबंद। जिले में लगातार हो रही बारिश के चलते चिंगरापगार वाटरफॉल की खूबसूरती अपने चरम पर है। प्रकृति की इस सुंदरता को देखने के लिए बड़ी संख्या में पर्यटक यहां पहुंच रहे हैं। लेकिन मनोरंजन और रोमांच के चक्कर में कुछ लोग अपनी जान खतरे में डालने से बाज नहीं आ रहे हैं।
CG NEWS: विधानसभा में राजस्व निरीक्षक भर्ती घोटाले की गूंज, CBI जांच की मांग पर अड़ा विपक्ष, किया वॉकआउट
ऐसा ही एक मामला रविवार को सामने आया, जब एक युवक वाटरफॉल के ऊपर से पेड़ की जटा (जड़) के सहारे नीचे उतरता दिखा। युवक की इस जानलेवा हरकत ने न सिर्फ उसकी खुद की, बल्कि आसपास मौजूद अन्य लोगों की सुरक्षा को भी खतरे में डाल दिया।
घटना का एक वीडियो भी सामने आया है, जिसमें देखा जा सकता है कि युवक पेड़ की जटा से लटककर नीचे चट्टानों की ओर उतरने की कोशिश कर रहा है। लेकिन कुछ देर बाद उसे संतुलन बनाए रखने में कठिनाई होने लगती है। यह देखकर आसपास मौजूद लोग भी उसकी सहायता के लिए आगे आते हैं। वहां मौजूद हर किसी की नजरें उस युवक पर टिकी रहती हैं, क्योंकि नीचे की चट्टानें बेहद फिसलन भरी थीं और किसी भी समय बड़ा हादसा हो सकता था।
इस घटना के बाद चिंगरापगार वाटरफॉल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। पर्यटकों की बढ़ती भीड़ के बावजूद यहां किसी प्रकार की चेतावनी या सुरक्षा इंतजाम नहीं दिखते।
स्थानीय लोगों का कहना है कि प्रशासन को वाटरफॉल क्षेत्र में सुरक्षा कर्मियों की तैनाती करनी चाहिए, साथ ही खतरनाक स्थानों पर चेतावनी बोर्ड और बैरिकेड्स लगाए जाने चाहिए।
यदि समय रहते ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है।




