बेंगलुरु। आईपीएल टीम रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (RCB) की जीत के बाद आयोजित विक्ट्री परेड के दौरान मची भीषण भगदड़ को लेकर कर्नाटक सरकार ने हाईकोर्ट को एक विस्तृत रिपोर्ट सौंपी है। इस रिपोर्ट में सरकार ने भगदड़ के लिए पूरी तरह से आरसीबी को जिम्मेदार ठहराया है और टीम के पूर्व कप्तान विराट कोहली का भी उल्लेख किया है।
रिपोर्ट के अनुसार, 4 जून को बेंगलुरु के एम. चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर विक्ट्री परेड के दौरान हुई भगदड़ में 11 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई थी और दर्जनों लोग घायल हुए थे। सरकार ने कहा है कि आरसीबी ने इस आयोजन के लिए पुलिस से कोई अनुमति नहीं ली थी, बल्कि केवल सूचना दी थी।
Read Also- ओलंपिक 2028 में क्रिकेट की वापसी: जानें पूरा शेड्यूल, कितनी टीमें लेंगी हिस्सा और कब होगा फाइनल मुकाबला
सरकार का कहना है कि इवेंट की घोषणा अचानक सोशल मीडिया के जरिए की गई, जिससे हजारों की भीड़ उमड़ पड़ी। आयोजक कंपनी डीएनए नेटवर्क प्राइवेट लिमिटेड ने 3 जून को पुलिस को केवल जानकारी दी थी, लेकिन 2009 के सरकारी आदेशों के तहत आवश्यक अनुमति नहीं ली गई। इसके बावजूद पुलिस ने सीमित कार्यक्रम की सशर्त अनुमति दी थी, लेकिन आयोजन में अनुमान से कहीं ज्यादा लोग पहुंच गए, जिससे हालात बेकाबू हो गए।
हाईकोर्ट को सौंपी गई रिपोर्ट में विराट कोहली का भी जिक्र किया गया है। सरकार ने बताया कि आरसीबी ने 4 जून को एक वीडियो सोशल मीडिया पर साझा किया था, जिसमें कोहली ने प्रशंसकों से आयोजन में मुफ्त शामिल होने की अपील की थी। सरकार का कहना है कि कोहली टीम के प्रमुख चेहरे हैं और उनकी अपील से भारी भीड़ उमड़ने में मदद मिली।
Read Also- विराट कोहली ने टेस्ट क्रिकेट से संन्यास पर पहली बार तोड़ी चुप्पी, बोले – हर चार दिन में दाढ़ी रंगनी पड़े तो समझ लो, वक्त आ गया है…
इसके अलावा, रिपोर्ट में कर्नाटक स्टेट क्रिकेट एसोसिएशन (KSCA) को भी जिम्मेदार ठहराया गया है। सरकार ने कहा कि इस पूरे मामले में गंभीर लापरवाही हुई और भीड़ नियंत्रण व सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह नाकाम रही।
बेंगलुरु भगदड़ मामले को लेकर हाईकोर्ट में सुनवाई जारी है, और अदालत ने सभी संबंधित पक्षों से विस्तृत जवाब मांगा है। न्यायालय ने साफ किया है कि ऐसी घटनाएं दोबारा न हों, इसके लिए सख्त कदम उठाए जाएंगे।




