रायपुर। छत्तीसगढ़ की पारंपरिक हरियाली और पर्यावरण के पर्व हरेली तिहार के अवसर पर पूर्व मुख्यमंत्री भूपेश बघेल ने अपने शासकीय निवास में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया। जहां उन्होंने प्रदेशवासियों को पर्व की शुभकामनाएं दीं, वहीं राज्य और केंद्र सरकार पर तीखा हमला भी बोला। उन्होंने कहा कि, मेरे बेटे को नहीं, भूपेश बघेल को डराने की कोशिश हो रही है। लेकिन ये सरकार भूल रही है कि मैं झुकने वालों में नहीं हूं।
चैतन्य की गिरफ्तारी पर बघेल का तंज- “डर के साए में हो रही है कार्रवाई”
अपने पुत्र चैतन्य बघेल की गिरफ्तारी को लेकर भूपेश बघेल ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, उद्योगपतियों के खिलाफ बोलने वालों पर ही कार्रवाई हो रही है। हम तमनार के कोयला खनन का मुद्दा विधानसभा के आखिरी दिन उठाने वाले थे, लेकिन उसी दिन मेरे बेटे चैतन्य को उसके जन्मदिन पर बिना किसी नोटिस के गिरफ्तार कर लिया गया। यह द्वेषपूर्ण और राजनीतिक प्रतिशोध की कार्रवाई है।
Read Also- कुर्सी पर बैठकर बीड़ा लगाते फोटो पर ट्रोल हुईं मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े, बोलीं – कांग्रेस न सिखाए हमें खेती करना
उन्होंने आगे कहा कि, जबसे होश संभाला है, देखा है कि मेरे पिता भी सत्य की राह पर चलते हुए जेल गए। वे कहते थे- ‘जेल मेरा दूसरा घर है।’ उन्हें जोगी सरकार ने जेल भेजा, सरकार चली गई। मुझे रमन सिंह ने जेल भेजा, उनकी सरकार भी चली गई। अब मेरे बेटे को मोदी सरकार ने जेल भेजा है – अब इनकी डबल इंजन सरकार भी नहीं बचेगी।
चैतन्य मेरा बेटा है, लेकिन छत्तीसगढ़ मेरा परिवार है
कार्यक्रम में जब चैतन्य की अनुपस्थिति पर सवाल उठे, तो पूर्व मुख्यमंत्री भावुक होते हुए बोले, त्योहार साल में एक बार आता है। चैतन्य होता तो खुशी दोगुनी होती, लेकिन मैं मानता हूं कि सिर्फ चैतन्य ही मेरा बेटा नहीं है – छत्तीसगढ़ की ढाई करोड़ जनता मेरा परिवार है।
सतनामी समाज को निशाना बनाने का आरोप
भूपेश बघेल ने बलौदाबाजार एसपी और कलेक्टर कार्यालय में आगजनी की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि कांग्रेस के सतनामी नेताओं को जेल भेजा गया। विधायक देवेंद्र यादव को छह महीने के लिए जेल में डाला गया। उन्होंने कहा, सतनामी समाज को प्रदर्शन से डराने की साजिश की जा रही है। जेल भेजकर आवाज दबाने की कोशिश हो रही है। लेकिन यह समाज कभी झुका नहीं है और अब भी नहीं झुकेगा।
Read Also- छत्तीसगढ़ PSC घोटाला: हाईकोर्ट ने तीन आरोपियों की जमानत याचिका खारिज की, कहा – प्रश्नपत्र लीक करना हत्या से भी बड़ा अपराध
बस्तर में उद्योगपतियों के खिलाफ आवाज उठाई, तो लखमा को जेल भेजा
पूर्व मुख्यमंत्री ने बस्तर के आदिवासी क्षेत्रों में खनन के खिलाफ हुए विरोध का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा, हमने बस्तर में उद्योगपतियों को घुसने से रोका, तो हमारी आवाज दबाने के लिए कवासी लखमा को जेल भेजा गया। अब मेरे बेटे को गिरफ्तार कर वही सिलसिला दोहराया जा रहा है।
हरेली पर लिया संकल्प – जंगलों को नहीं उजड़ने देंगे
भूपेश बघेल ने सरकार पर जंगल बेचने का आरोप लगाते हुए कहा, छत्तीसगढ़ के जंगलों को काटा जा रहा है। एक पेड़ को मां के नाम कर पूरा जंगल उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। यह केवल पर्यावरण के साथ नहीं, पूरे छत्तीसगढ़ की अस्मिता के साथ खिलवाड़ है। हरेली के इस पवित्र दिन हम संकल्प लेते हैं – हम छत्तीसगढ़ को उजड़ने नहीं देंगे।




