रायपुर। ओडिशा और छत्तीसगढ़ की सीमा से लगे मल्लीगुड़ा-जर्दी घाटी में भारी भूस्खलन के कारण यात्रियों की सुरक्षा को देखते हुए कई ट्रेनों का संचालन अस्थायी रूप से रोक दिया गया है। इस संबंध में बस्तर सांसद महेश कश्यप ने बयान जारी कर स्थिति की जानकारी दी।
रायगढ़ में दो महिलाओं की दर्दनाक मौत, एक ट्रेन हादसे में तो दूसरी को सांप ने डसा
सांसद कश्यप ने बताया कि कोरापुट और जयपुर के बीच रेल मार्ग पर लगभग 25 हजार घन मीटर मिट्टी ट्रैक पर जमा हो गई थी, जिससे संभावित हादसे का खतरा था। रेलवे ने पहले चरण में 48 घंटे के भीतर ट्रैक को दुरुस्त कर दिया था, लेकिन मिट्टी फिर से खिसकने की आशंका को देखते हुए यात्रियों की सुरक्षा के मद्देनज़र ट्रेनों का संचालन फिलहाल रोका गया है।
उन्होंने बताया कि जिस वक्त यह घटना घटी, उस समय एक यात्री ट्रेन ट्रैक पार कर चुकी थी और दूसरी ट्रेन को समय रहते रोक लिया गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
फिलहाल मालगाड़ियों का संचालन जारी है क्योंकि उनमें यात्रियों की गैरमौजूदगी के कारण जनहानि की संभावना नहीं है। सांसद ने कहा कि उन्होंने रेल मंडल प्रबंधक (DRM) से चर्चा की है और उन्हें आश्वस्त किया गया है कि स्थिति सामान्य होते ही सभी यात्री ट्रेनों का संचालन बहाल कर दिया जाएगा।




