राजनांदगांव। शहर के नवागांव वार्ड से पेंड्री मेडिकल कॉलेज जाने वाले मार्ग पर स्थित रेलवे के बोगदा पुल के नीचे नाले में शुक्रवार सुबह एक महिला की लाश मिलने से क्षेत्र में हड़कंप मच गया। महिला की पहचान 40 वर्षीय गायत्री यादव पत्नी सुरेश यादव के रूप में हुई है, जो नवागांव बीड़ी श्रमिक कॉलोनी की रहने वाली थी।
सारंगढ़: औचक निरीक्षण में 55 कर्मचारी गैरहाज़िर, कलेक्टर ने जारी किया कारण बताओ नोटिस
पुलिस के अनुसार, गायत्री अपने पति से अलग होकर दो बच्चों के साथ रह रही थी। गुरुवार को हरेली त्योहार के दिन वह अपने मायके गई थी, लेकिन रात तक घर वापस नहीं लौटी। बच्चों को लगा कि मां नाना के घर पर ही रुक गई होंगी, इसलिए उन्होंने कोई तलाश नहीं की। अगले दिन सुबह स्थानीय लोगों ने महिला की लाश नाले में देखी और पुलिस को सूचना दी।
फिलहाल पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया है, लेकिन महिला की मौत के कारणों का अब तक खुलासा नहीं हुआ है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि यह दुर्घटना है, आत्महत्या या किसी प्रकार की साजिश।
पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है और महिला के नाले की ओर जाने की परिस्थितियों और संभावित कारणों की पड़ताल कर रही है।




