बलरामपुर। छत्तीसगढ़ में भारी बारिश से जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। राज्य के कई जिलों में लगातार हो रही मूसलधार बारिश के कारण सड़कें जलमग्न हो गई हैं और जनसुविधाएं प्रभावित हो रही हैं। इस बीच बलरामपुर जिले से एक दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है, जहां बारिश के चलते एक कच्चा मकान ढह गया। इस हादसे में एक आठ वर्षीय बच्ची की मौत हो गई, जबकि परिवार के चार अन्य सदस्य घायल हो गए हैं।
सुबह-सुबह हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, यह घटना शनिवार सुबह करीब पांच बजे की है। बलरामपुर जिले के निवासी प्रमोद रवि अपनी पत्नी सुनीता देवी और बच्चों राधा, काजल तथा खुशबू के साथ अपने कच्चे मकान में सो रहे थे। इसी दौरान घर की एक दीवार भरभरा कर गिर गई, जिससे पूरा मकान ढह गया और परिवार के सभी सदस्य मलबे में दब गए।
Read Also- कांग्रेस प्रभारी सचिन पायलट ने रायपुर जेल में की चैतन्य बघेल से मुलाकात, भाजपा ने साधा निशाना
स्थानीय लोगों ने की मदद
दीवार गिरते ही इलाके में चीख-पुकार मच गई। आसपास के लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर मलबा हटाने का काम शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद सभी लोगों को बाहर निकाला गया और इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया। हालांकि डॉक्टरों ने आठ वर्षीय खुशबू को मृत घोषित कर दिया। बाकी चार घायलों का इलाज जारी है।
प्रशासन और पुलिस मौके पर पहुंची
हादसे की जानकारी मिलते ही रामानुजगंज पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई है। प्रारंभिक जांच में पता चला है कि पड़ोसी पिंटू भुइयां की दीवार गिरने से प्रमोद रवि का मकान भी ढह गया। इस मामले में नगर पालिका की लापरवाही भी सामने आ रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है।
Read Also- बिलासा देवी एयरपोर्ट की सुविधाओं के विस्तार में सुस्ती पर हाईकोर्ट सख्त, कहा- सरकार स्पष्ट करे कि वह कुछ नहीं कर पाएगी
लगातार बारिश बना रही खतरा
गौरतलब है कि छत्तीसगढ़ के कई हिस्सों में लगातार हो रही बारिश से लोगों की परेशानियां बढ़ गई हैं। खासकर कच्चे और जर्जर मकानों में रह रहे लोगों के लिए यह बारिश खतरा बन चुकी है। प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और पुराने मकानों में रहने से बचें।




