मनेंद्रगढ़। स्वास्थ्य मंत्री श्याम बिहारी जायसवाल ने आज मनेंद्रगढ़ जिले के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) बंजारीडाड का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों को दी जा रही स्वास्थ्य सेवाओं, दवाओं की उपलब्धता, अस्पताल परिसर की साफ-सफाई, डॉक्टरों की उपस्थिति और उपचार की गुणवत्ता का गहन मूल्यांकन किया।
निरीक्षण के दौरान मंत्री जायसवाल ने अस्पताल में भर्ती मरीजों से सीधे संवाद किया और उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। उन्होंने मरीजों तथा उनके परिजनों से मिलने वाली चिकित्सा सुविधाओं को लेकर फीडबैक लिया और अस्पताल प्रबंधन को आवश्यक निर्देश दिए।
Read Also- नशे के खिलाफ जागरूकता के लिए समाज कल्याण विभाग की अनूठी पहल, रायपुर में होगी कार्टून प्रतियोगिता
स्वास्थ्य मंत्री ने चिकित्सकों, नर्सिंग स्टाफ और अन्य कर्मचारियों से भी बातचीत कर मरीजों की देखभाल में और अधिक संवेदनशीलता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सभी नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण और सुलभ स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है।
उन्होंने यह भी बताया कि प्रदेश के शासकीय अस्पतालों की सुविधाओं में लगातार विस्तार किया जा रहा है, जिससे आम जनता को बेहतर चिकित्सा सुविधाएं मिल सकें। निरीक्षण के अंत में मंत्री ने संबंधित अधिकारियों को अस्पताल में पाए गए कमियों को दूर करने और सेवाओं को और बेहतर बनाने के निर्देश दिए।




