वृंदावन। प्रतिष्ठित संत प्रेमानंद महाराज को सोशल मीडिया पर जान से मारने की धमकी मिलने के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। एक युवक ने फेसबुक पर पोस्ट कर उन्हें धमकी दी है, जो अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रही है। आरोपी युवक ने संत प्रेमानंद महाराज को निशाने पर लेते हुए कहा, अगर वो मेरे घर की बात करता तो मैं उसका गला काट देता।
महिलाओं पर दिए बयान के बाद हुआ विवाद
गौरतलब है कि हाल ही में संत प्रेमानंद महाराज ने एक बयान में युवाओं को मर्यादित आचरण और नैतिक जीवन जीने की सलाह दी थी। उन्होंने गर्लफ्रेंड-बॉयफ्रेंड के बढ़ते कल्चर पर सवाल उठाते हुए इसे समाज के लिए हानिकारक बताया था। उनके इस बयान का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद इस पर कई तरह की प्रतिक्रियाएं सामने आईं।
Read Also- मृत्यु के बाद वापसी महज भ्रम: प्रेमानंद महाराज ने बताया नीयर डेथ एक्सपीरियंस का सच
धमकी के बाद भड़का संत समाज
फेसबुक पर धमकी मिलने के बाद हिंदूवादी संगठनों और संत समाज में भारी आक्रोश फैल गया है। श्रीकृष्ण जन्मभूमि संघर्ष न्यास के अध्यक्ष दिनेश फलारी बाबा ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा, अगर कोई प्रेमानंद बाबा की तरफ आंख उठा कर देखेगा तो हम बर्दाश्त नहीं करेंगे। हम अपराधी की गोली को अपनी छाती पर खाने को तैयार हैं। सरकार को ऐसे व्यक्ति पर कठोर कार्रवाई करनी चाहिए।
पुलिस जांच की मांग
संत समाज और हिंदू संगठनों की मांग है कि आरोपी युवक के खिलाफ तत्काल कानूनी कार्रवाई की जाए और संतों की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए। अब देखना यह होगा कि प्रशासन इस मामले में कितनी तत्परता से कदम उठाता है।




