बलौदाबाजार,: जिले के कसडोल थाना क्षेत्र के झबड़ी गांव में पुरानी रंजिश के चलते दो गुटों के बीच बीती रात हिंसक झड़प हो गई, जिसमें एक युवक त्रिलोक चंद कौशिक उर्फ नानू की धारदार हथियार से निर्मम हत्या कर दी गई। इस हमले में एक अन्य युवक हेमचंद गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे रायपुर रेफर किया गया है। घायल की हालत नाजुक बताई जा रही है। घटना के बाद आरोपियों को गिरफ्तार करने पहुंची पुलिस पर ग्रामीणों ने पथराव कर दिया, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई।
छत्तीसगढ़ के पूर्व सीएम भूपेश बघेल ने सुप्रीम कोर्ट में दाखिल की अग्रिम जमानत याचिका, केंद्रीय एजेंसियों पर लगाया राजनीतिक द्वेष का आरोप
घटना की पृष्ठभूमि
पुलिस के अनुसार, झबड़ी और मडकड़ा गांव के दो गुटों के बीच कुछ दिन पहले मारपीट की घटना हुई थी। इस दौरान झबड़ी निवासी मृतक नानू उर्फ त्रिलोक चंद कौशिक ने अपने दोस्तों के साथ मडकड़ा निवासी लकी केवट और अजय केवट के साथ जमकर मारपीट की थी। इसकी शिकायत कसडोल थाने में दर्ज की गई थी, लेकिन पुलिस ने उस समय ठोस कार्रवाई नहीं की, जिससे दोनों पक्षों के बीच वैमनस्य बढ़ गया।
हत्याकांड का विवरण
बीती शाम मडकड़ा निवासी अजय केवट और लकी केवट ने त्रिलोक और उसके दोस्त हेमचंद को अपने गांव के पास देखा। पुरानी रंजिश के चलते दोनों ने धारदार हथियारों से उन पर हमला कर दिया। हमले में त्रिलोक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि हेमचंद गंभीर रूप से घायल हो गया। ग्रामीणों ने दोनों को तुरंत कसडोल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने त्रिलोक को मृत घोषित कर दिया। हेमचंद को प्राथमिक उपचार के बाद रायपुर रेफर किया गया, जहां उसका इलाज जारी है।
पुलिस पर पथराव, दो आरोपी गिरफ्तार
घटना की सूचना मिलते ही कसडोल पुलिस आरोपियों को पकड़ने मडकड़ा गांव पहुंची। लेकिन, ग्रामीणों ने पुलिस टीम को गांव के चौराहे पर घेर लिया और पथराव शुरू कर दिया। तनाव बढ़ता देख अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (एएसपी) अभिषेक सिंह और कसडोल एसडीएम अतिरिक्त पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। इस दौरान ग्रामीणों ने एएसपी और एसडीएम के वाहनों पर पथराव किया, जिससे दो वाहनों के शीशे टूट गए। कई घंटों की मशक्कत के बाद पुलिस ने दो मुख्य आरोपियों, अजय केवट और लकी केवट, को गिरफ्तार कर लिया। सुरक्षा की दृष्टि से क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया है।




