रायपुर। सावन मास के पवित्र अवसर पर मुख्यमंत्री विष्णु देव साय राजधानी रायपुर के गुढ़ियारी क्षेत्र में आयोजित विशाल कांवड़ यात्रा में शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने महादेव घाट स्थित भगवान हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर में रूद्राभिषेक कर छत्तीसगढ़ की खुशहाली, समृद्धि और जनकल्याण की कामना की।

मुख्यमंत्री ने इस अवसर पर कहा कि गुढ़ियारी स्थित मारूति मंगलम भवन से हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर तक हजारों शिवभक्त कांवड़ यात्रा में शामिल होकर जलाभिषेक हेतु पदयात्रा कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यह आयोजन छत्तीसगढ़ की गौरवशाली सांस्कृतिक परंपरा को सहेजने का कार्य करता है और लोक-विश्वास की गहराई को दर्शाता है। सावन माह में कांवड़ यात्रा शिवभक्तों की आस्था, भक्ति और समर्पण का प्रतीक है, जिसमें श्रद्धालु कई किलोमीटर की पदयात्रा कर भोलेनाथ को जल अर्पित करते हैं।
Read Also- राजधानी में मांस और मछली की बिक्री पर सख्त प्रतिबंध, पकड़े जाने पर लाइसेंस होगा रद्द
मुख्यमंत्री साय ने कहा कि रायपुर के महादेव घाट स्थित हटकेश्वरनाथ महादेव मंदिर का धार्मिक और सांस्कृतिक महत्व अत्यंत गहरा है। यहाँ प्रतिवर्ष बड़ी संख्या में श्रद्धालु जलाभिषेक हेतु एकत्र होते हैं। उन्होंने छत्तीसगढ़ को भक्ति, श्रद्धा और संस्कृति का अद्वितीय संगम बताते हुए कहा कि कांवड़ यात्रा जैसे आयोजन न केवल हमारी परंपराओं को जीवंत रखते हैं, बल्कि समाज में आध्यात्मिक चेतना और सामाजिक समरसता का संदेश भी देते हैं।

इस भव्य आयोजन में विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह, पूर्व राज्यपाल रमेश बैस, कृषि मंत्री रामविचार नेताम, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी रजवाड़े, लोकसभा सांसद बृजमोहन अग्रवाल, रायपुर पश्चिम विधायक राजेश मूणत, रायपुर दक्षिण विधायक सुनील सोनी, रायपुर ग्रामीण विधायक मोतीलाल साहू, रायपुर उत्तर विधायक पुरंदर मिश्रा, पूर्व सांसद अभिषेक सिंह एवं रायपुर महापौर मीनल चौबे सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु, गणमान्य नागरिक एवं सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।




