रायपुर: छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में आधा दर्जन फ्लैटों में सेंधमारी करने वाले महाराष्ट्र के दो अंतर्राज्यीय चोरों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। आरोपियों ने शहर के विभिन्न इलाकों में सुनसान फ्लैटों को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात, नकदी और अन्य कीमती सामान चुराए थे। पुलिस ने दोनों आरोपियों के कब्जे से करीब 6.20 लाख रुपये का माल बरामद किया है।
चोरी की घटनाएं और शिकायतें
-
आमानाका थाना क्षेत्र: पगाटिका कलवा वेकेंटश्वरलु ने 3 अगस्त 2025 को थाना आमानाका में शिकायत दर्ज की कि वह सटर्लिंग होम सरोवर पोर्टिको के पास रहते हैं। उस दिन वह परिवार के साथ भिलाई गए थे। रात करीब 8 बजे घर लौटने पर देखा कि दरवाजे का ताला और कुंडी टूटी हुई थी। कमरे का सामान बिखरा था और आलमारी में रखे सोने-चांदी के जेवरात गायब थे। इस शिकायत पर थाना आमानाका में अपराध क्रमांक 250/25, धारा 331(3), 305(ए) बी.एन.एस. दर्ज किया गया।
-
कबीर नगर थाना क्षेत्र: लोकनाथ देवांगन ने 2-3 अगस्त 2025 की दरमियानी रात को हुई चोरी की शिकायत दर्ज की। अज्ञात चोर ने हीरापुर, कबीर नगर रॉयल रेजिन्सी स्थित उनके मकान का ताला तोड़कर आलमारी से सोने-चांदी के जेवरात और नकदी चुरा ली। इस मामले में थाना कबीर नगर में अपराध क्रमांक 142/25, धारा 331(3), 305(ए) बी.एन.एस. दर्ज किया गया।
-
न्यू राजेंद्र नगर थाना क्षेत्र: भावना यदु ने 3 अगस्त 2025 को शिकायत की कि हिमालया हाइट्स में उनके फ्लैट का ताला तोड़कर अज्ञात चोर ने सोने-चांदी के जेवरात चुराए। उसी कॉलोनी में अनिश कुमार के फ्लैट से भी चोर ने विभिन्न कंपनियों की हाथ घड़ियां, नकदी और चांदी के जेवरात चुराए। इस शिकायत पर थाना न्यू राजेंद्र नगर में अपराध क्रमांक 172/25, धारा 331(3), 305(ए) बी.एन.एस. दर्ज किया गया।
पुलिस की त्वरित कार्रवाई
वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट (ACCU) और संबंधित थानों की संयुक्त टीम ने तुरंत कार्रवाई शुरू की। घटनास्थलों का निरीक्षण करने पर पाया गया कि सभी चोरियां एक ही तरीके से अंजाम दी गई थीं, जिसमें सुनसान फ्लैटों को निशाना बनाया गया था। इससे पुलिस को शक हुआ कि यह किसी बाहरी गिरोह का काम हो सकता है।
पुलिस ने मुखबिरों की मदद, सीसीटीवी फुटेज की जांच, होटल/लॉज की चेकिंग और तकनीकी विश्लेषण के जरिए आरोपियों की पहचान की। जांच के दौरान पुलिस को महत्वपूर्ण जानकारी मिली, जिसके आधार पर आरोपियों को अंबिकापुर में पकड़ा गया। पूछताछ में आरोपियों ने अपना नाम विनोद सन्नी गौर और रेयान उर्फ अमन फैय्याज शेख, दोनों निवासी महाराष्ट्र, बताया।
बरामद सामान और गिरफ्तारी
आरोपियों ने पूछताछ में सभी चोरियों को अंजाम देना कबूल किया। उनके कब्जे से पुलिस ने निम्नलिखित सामान बरामद किया:
-
36 ग्राम सोने के जेवरात
-
843 ग्राम चांदी के जेवरात
-
9 हाथ घड़ियां
-
1 आईफोन
-
3 मोबाइल फोन (घटना में प्रयुक्त)
-
अन्य आलाजरब सामान
बरामद सामान की कुल कीमत लगभग 6,20,000 रुपये आंकी गई है। दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, और उनके खिलाफ चोरी की अन्य शिकायतों के आधार पर अतिरिक्त अपराध दर्ज किए जाएंगे।




