रायपुर। छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज आज सुबह दिल्ली के लिए रवाना हुए। रवाना होने से पूर्व रायपुर एयरपोर्ट पर मीडिया से बातचीत में उन्होंने बताया कि वे दिल्ली में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, संगठन महासचिव के.सी. वेणुगोपाल और प्रदेश प्रभारी सचिन पायलट से मुलाकात करेंगे। इस दौरान प्रदेश की राजनीतिक स्थिति, संगठनात्मक मजबूती और आगामी रणनीतियों को लेकर विस्तृत चर्चा की जाएगी। साथ ही मंडल, सेक्टर और बूथ स्तर पर संगठनात्मक ढांचे के गठन की प्रक्रिया को तेज करने पर भी विचार होगा।
इस बीच, प्रदेश कांग्रेस ने राज्य सरकार द्वारा ‘बिजली बिल हाफ’ योजना में किए गए बदलावों के विरोध में आज बड़ा प्रदर्शन करने का ऐलान किया है। कांग्रेस कार्यकर्ता प्रदेश के सभी जिला मुख्यालयों में बिजली विभाग के कार्यालयों के बाहर प्रदर्शन करेंगे। पार्टी का कहना है कि यह निर्णय आम जनता के हितों के खिलाफ है और इससे मध्यमवर्ग और गरीब वर्ग पर भारी आर्थिक बोझ पड़ेगा।
Read Also- अमेरिका ने भारत से आयात पर लगाया 25% अतिरिक्त शुल्क, कांग्रेस ने कहा- अमेरिका कर रहा ब्लैकमेल, मोदी को इंदिरा गांधी से सीख लेनी चाहिए
दीपक बैज ने सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा, राज्य की भाजपा सरकार ने 400 यूनिट तक की ‘हाफ बिजली बिल’ योजना को समाप्त कर जनता के साथ अन्याय किया है। बिजली दरों में भारी वृद्धि कर लोगों पर अतिरिक्त आर्थिक भार डाला जा रहा है। कोयला हमारा, पानी हमारा, जमीन हमारी फिर हमें ही महंगे दर पर बिजली क्यों बेची जा रही है?
उन्होंने कहा कि कांग्रेस इस जनविरोधी निर्णय के खिलाफ सड़कों पर उतरकर आमजन को न्याय दिलाने के लिए संकल्पित है। पार्टी की मांग है कि 400 यूनिट तक बिजली बिल हाफ करने की योजना को तुरंत बहाल किया जाए ताकि जनता को राहत मिल सके




