मुंबई। बॉलीवुड एक्टर वरुण धवन और जान्हवी कपूर की अपकमिंग फिल्म ‘सनी संस्कारी की तुलसी कुमारी’ की शूटिंग आखिरकार पूरी हो गई है। वरुण ने फिल्म के सेट से पर्दे के पीछे की तस्वीरें साझा करते हुए शूटिंग खत्म होने की जानकारी दी।
इंस्टाग्राम पोस्ट से दी जानकारी
वरुण धवन ने अपने इंस्टाग्राम अकाउंट पर पूरी स्टारकास्ट और फिल्म की टीम के साथ कुछ तस्वीरें शेयर कीं। इनमें डायरेक्टर शशांक खेतान और प्रोड्यूसर करण जौहर भी नजर आ रहे हैं। पोस्ट शेयर करते हुए वरुण ने लिखा—
“यह फिल्म पूरी हो चुकी है और एक बार फिर शशांक खेतान के निर्देशन में दर्शकों से मिलने आ रहा हूं।”
उन्होंने यह भी बताया कि फिल्म 2 अक्टूबर 2025 को सिनेमाघरों में रिलीज होगी।
रोहित सराफ ने भी साझा किया पोस्ट
फिल्म के कलाकार रोहित सराफ ने भी इंस्टाग्राम पर एक तस्वीर साझा की, जिसमें पूरी कास्ट एक जैसी टी-शर्ट पहने नजर आई। रोहित ने कैप्शन में लिखा कि फिल्म की शूटिंग के दौरान पूरी टीम ने जमकर मस्ती की और उन्हें विश्वास है कि दर्शक भी इस फिल्म को खूब पसंद करेंगे।
स्टारकास्ट और डायरेक्शन
इस फिल्म में वरुण धवन और जान्हवी कपूर के अलावा सान्या मल्होत्रा, रोहित सराफ, मनीष पॉल और अक्षय ओबेरॉय भी अहम किरदारों में दिखाई देंगे।
फिल्म का निर्देशन शशांक खेतान ने किया है। इससे पहले शशांक और वरुण की जोड़ी ‘हंप्टी शर्मा की दुल्हनिया’ और ‘बद्रीनाथ की दुल्हनिया’ जैसी सुपरहिट फिल्में दे चुकी है।




