स्पोर्ट्स डेस्क। दुनिया के महान फुटबॉलर्स में गिने जाने वाले अर्जेंटीना के कप्तान लियोनेल मेसी भारत आने वाले हैं। अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन ने पुष्टि की है कि उनकी राष्ट्रीय टीम नवंबर 2025 में भारत में एक दोस्ताना मैच खेलेगी।
जानकारी के मुताबिक, अर्जेंटीना इस साल दो अंतरराष्ट्रीय फ्रेंडली मैच खेलेगी। पहला मुकाबला 6 से 14 अक्टूबर के बीच अमेरिका में और दूसरा 10 से 18 नवंबर के बीच भारत के केरल राज्य में होगा। इन दोनों मैचों में कप्तानी की जिम्मेदारी लियोनेल मेसी ही निभाएंगे। हालांकि, भारत में अर्जेंटीना का सामना किस टीम से होगा, इसका ऐलान अभी बाकी है।
Read Also- एशिया कप 2025: भारत-पाकिस्तान मुकाबले की सरकार ने दी अनुमति, द्विपक्षीय सीरीज पर रोक बरकरार
मेसी के नेतृत्व में अर्जेंटीना ने 2022 का फीफा वर्ल्ड कप खिताब जीता था। उस दौरान भारत, खासकर केरल से अर्जेंटीना टीम को जबरदस्त समर्थन मिला था। खिताब जीतने के बाद अर्जेंटीना ने भारत, बांग्लादेश और केरल को विशेष धन्यवाद भी दिया था।
संभावना है कि यह ऐतिहासिक मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड स्टेडियम में आयोजित किया जाएगा। पिछले साल नवंबर में ही केरल के खेल मंत्री वी.वी. अब्दुरहीमान ने अर्जेंटीना के भारत दौरे के फैसले का स्वागत किया था। इसके बाद उनकी अर्जेंटीना फुटबॉल एसोसिएशन के अधिकारियों के साथ कई दौर की बातचीत भी हुई।




