सुकमा। छत्तीसगढ़ के सुकमा जिले के छिंदगढ़ विकासखंड स्थित आवासीय पोटाकेबिन विद्यालय पाकेला में बच्चों के भोजन में फिनाइल गोली मिलने का मामला लगातार गरमाता जा रहा है। इस गंभीर घटना पर जहां हाईकोर्ट ने स्वतः संज्ञान लिया है, वहीं प्रशासनिक कार्रवाई के बाद अब छात्र ही विरोध की राह पर उतर आए हैं।
नाराज छात्रों ने स्कूल गेट पर ताला जड़ दिया और अधीक्षक को यथावत रखने की मांग करते हुए जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे। काफी समझाइश के बाद छात्र माने और विरोध समाप्त हुआ।
गौरतलब है कि कलेक्टर देवेश कुमार ध्रुव ने मामले में सख्त कदम उठाते हुए अधीक्षक और सहायक अधीक्षक को तत्काल हटाने का आदेश दिया था। साथ ही दोषी शिक्षक को निलंबित कर उसके खिलाफ अपराध दर्ज कर जेल भेजा गया।
हालांकि, छात्रों का कहना है कि दोष सीधे तौर पर शिक्षक का था, जिस पर कार्रवाई भी हो चुकी है। ऐसे में अधीक्षक को हटाना न्यायसंगत नहीं है। वे चाहते हैं कि अधीक्षक को पद पर बहाल किया जाए।




