बिलासपुर। जिले के बिल्हा थाना क्षेत्र के उड़ियापारा में शनिवार को गौमांस बिक्री के आरोप को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। हिंदू संगठनों ने एक युवती पर गौमांस काटने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया और कार्रवाई की मांग की। इस दौरान युवती का वीडियो भी वायरल हुआ, जिसके बाद पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।
विरोध प्रदर्शन के बीच मोहल्ले के लोग भी जुट गए और दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। देखते ही देखते विवाद बढ़ा और मोहल्ले वालों ने लाठी-डंडों व हथियारों से हमला कर दिया। अचानक हुए हमले में चार युवक गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया।
Read Also- फिनाइल गोली प्रकरण: छात्रों ने स्कूल गेट में लगाया ताला, अधीक्षक को बहाल करने की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही एसएसपी रजनेश सिंह ने सकरी, हिर्री और चकरभाठा थानों से अतिरिक्त पुलिस बल मौके पर भेजा। अधिकारियों ने पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित किया और गौ-रक्षकों को समझाइश देकर शांत कराया।
पुलिस ने घटनास्थल से गौमांस का कुछ हिस्सा बरामद कर सैंपल के रूप में जब्त कर लिया है। डीएसपी डीआर टंडन ने बताया कि गौ-रक्षकों की शिकायत पर युवती समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। फिलहाल युवती पुलिस हिरासत में है और पूछताछ जारी है।
इस बीच मोहल्ले वालों का कहना है कि गाय पहले से मृत थी, जिसे मवेशी पालक ने उन्हें दिया था। उनका दावा है कि वे केवल मांस काट रहे थे क्योंकि यही उनका पेशा है। आरोप लगाया गया कि स्थानीय युवकों ने जानबूझकर इस मुद्दे पर बवाल खड़ा किया।




