बिलासपुर। त्योहारों के दौरान शांति एवं कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए बिलासपुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। पुलिस ने अलग-अलग जगहों पर अभियान चलाकर अशांति फैलाने वाले 18 बदमाशों को गिरफ्तार किया है। वहीं, नाइट पेट्रोलिंग के दौरान शराब के नशे में वाहन चला रहे 26 लोगों के वाहन जब्त किए गए हैं।
वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर शहर में इन दिनों ‘ऑपरेशन प्रहार’ चलाया जा रहा है। इसके तहत कोतवाली थाना क्षेत्र समेत कई स्थानों पर चेकिंग पॉइंट लगाकर सघन जांच की जा रही है। शराब पीकर वाहन चलाने वालों के खिलाफ धारा 185 एमवी एक्ट के तहत कड़ी कार्रवाई की गई है।
इसके अलावा, बदमाशों पर धारा 170 बीएनएसएस के तहत प्रतिबंधात्मक कार्रवाई की गई है और सभी आरोपियों का चालान न्यायालय में प्रस्तुत किया गया है।




