स्पोर्ट्स डेस्क। भारतीय पुरुष हॉकी टीम ने एशिया कप 2025 की शुरुआत विजयी अंदाज में की है। टूर्नामेंट के पहले ही मुकाबले में टीम इंडिया ने चीन को रोमांचक मैच में 4-3 से मात दी। कप्तान हरमनप्रीत सिंह की शानदार हैट्रिक और जुगराज सिंह के गोल की बदौलत भारत ने जीत दर्ज की।
पूल-ए में रोमांचक मुकाबला
पहले हाफ में भारत ने 2-1 की बढ़त बनाई थी। हालांकि तीसरे क्वार्टर में चीन ने दो गोल दागकर स्कोर 3-3 से बराबर कर लिया। निर्णायक चौथे क्वार्टर की शुरुआत में भारत को लगातार पेनाल्टी कॉर्नर मिले, जिसका फायदा हरमनप्रीत सिंह ने उठाया और टीम के लिए विजयी गोल किया।
भारत की आक्रामक शुरुआत
मैच की शुरुआत से ही भारतीय टीम ने दबदबा बनाया। तीसरे मिनट में भारत ने गोल किया, लेकिन चीन ने रेफरल लेकर उसे फाउल करार दिलवा दिया। 12वें मिनट में चीन ने पेनाल्टी कॉर्नर से पहला गोल कर बढ़त बनाई।
Read Also- मोहम्मद शमी ने रिटायरमेंट की अफवाहों को किया खारिज, कहा- वनडे वर्ल्ड कप जीतना मेरा सपना
दूसरे क्वार्टर में भारत ने जोरदार वापसी की। जुगराज सिंह ने पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर स्कोर बराबर किया। इसके कुछ ही देर बाद हरमनप्रीत सिंह ने शानदार ड्रैग फ्लिक से भारत को 2-1 से आगे कर दिया। हाफ टाइम तक यही स्कोर कायम रहा।
तीसरा और चौथा क्वार्टर
तीसरे क्वार्टर में भारत ने हरमनप्रीत के गोल से 3-1 की बढ़त बनाई, लेकिन चीन ने वापसी करते हुए स्कोर 3-3 कर दिया। 41वें मिनट में जेईशेंग गाओ ने चीन के लिए गोल दागा।
आखिरी क्वार्टर में कप्तान हरमनप्रीत सिंह ने एक और पेनाल्टी कॉर्नर को गोल में बदलकर भारत को निर्णायक बढ़त दिलाई और मैच 4-3 से अपने नाम कर लिया।




