बीजापुर। तेलंगाना के मुलुगु जिले में नक्सल विरोधी अभियान को बड़ी सफलता मिली है। शनिवार को छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले से जुड़े सात नक्सलियों ने आत्मसमर्पण कर दिया। इनमें चार महिला सदस्य भी शामिल हैं।
आत्मसमर्पण करने वालों की पहचान थाती उंगी (35), कोडमे सुक्कू (35), सोड़ी भीमे (20), कुंजम वरालक्ष्मी (18), पद्दम जोगा (55), कोरसा पयिकी (34) और सोड़ी आदमा (40) के रूप में हुई है। आत्मसमर्पण के बाद सभी को 25-25 हजार रुपए की तात्कालिक सहायता दी गई। इसके अलावा, उनके पद के अनुसार सात लाख रुपए तक की राशि उनके बैंक खातों में जमा कराई जाएगी।
Read Also- पकड़े गए SI बाबू – नोट गिनते ही एसीबी ने बदल डाली किस्मत
ये नक्सली “लड़ाई से बेहतर है गांव, हमारे गांव वापस आ जाओ” अभियान से प्रभावित होकर मुख्यधारा में लौटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जनवरी 2025 से अब तक मुलुगु जिले में 80 माओवादी आत्मसमर्पण कर चुके हैं।
सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक माओवादी संगठन लगातार कमजोर हो रहा है। निचले स्तर पर कैडर नेतृत्व से असंतुष्ट हैं, वहीं आदिवासी ग्रामीणों का समर्थन भी कम हो गया है। ग्रामीणों के सहयोग से वंचित होने के कारण माओवादियों को भोजन और संसाधनों की भारी कमी का सामना करना पड़ रहा है।






