दुर्ग। छत्तीसगढ़ के दुर्ग जिले में एक चौंकाने वाली घटना सामने आई है। शराब के लिए पैसे नहीं देने पर दो युवकों ने एक 60 वर्षीय बुजुर्ग पर चाकू से हमला कर दिया। वारदात शुक्रवार सुबह तड़के छावनी थाना क्षेत्र के 18 नंबर रोड पर हुई और यह पूरी घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है।
जानकारी के मुताबिक, सुबह लगभग 4:30 बजे सूरज सिंह नामक बुजुर्ग अपनी दैनिक दिनचर्या के तहत साइकिल से निकले थे। इसी दौरान स्कूटी पर सवार दो अज्ञात युवक पहुंचे और उन्होंने शराब पीने के लिए पैसे मांगे। सूरज सिंह ने पैसे देने से मना कर दिया तो दोनों युवकों ने उन पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया।
Read Also- रेप केस में डिप्टी कलेक्टर की जमानत अर्जी खारिज, पुलिस बोली- आरोपी की तलाश जारी
हमले में उनकी कमर पर गंभीर चोटें आईं। खून से लथपथ हालत में किसी तरह सूरज सिंह घर पहुंचे और परिजनों को पूरी बात बताई। परिवार ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और उन्हें इलाज के लिए नजदीकी निजी अस्पताल में भर्ती कराया। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी कमर पर 15 से 18 टांके लगाए गए हैं। फिलहाल उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
मामले की जानकारी देते हुए सीएसपी भिलाई नगर सत्यप्रकाश तिवारी ने बताया कि पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आरोपियों की पहचान कर उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार छापेमारी कर रही हैं।




