रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजनीति के मैदान में आरोप-प्रत्यारोप का नया मोर्चा खुल गया है। नवनियुक्त भाजयुमो प्रदेश अध्यक्ष राहुल टिकरिहा पर सोशल मीडिया में लगाए गए “कथित संबंध” के आरोपों ने सियासत गरमा दी है। कांग्रेस नेताओं द्वारा साझा किए जा रहे पोस्ट पर टिकरिहा ने पलटवार किया है। उनका कहना है कि यह सब एक सोचा-समझा राजनीतिक षडयंत्र है।
प्रेस वार्ता में टिकरिहा ने साफ कहा – “यह लड़ाई कानूनी भी होगी और राजनीतिक भी। एफआईआर दर्ज करूंगा और न्यायालय भी जाऊंगा। यह मुझे बदनाम करने की साजिश है।”
मामले की जड़ 2022 से जुड़ी है। टिकरिहा का दावा है कि 2023 में कोर्ट ने इस पूरे विवाद में क्लीन चिट दे दी थी। उनका कहना है कि आरोप लगाने वाले को कोर्ट ने एक बार भी बुलाने योग्य नहीं समझा। आरोप लगाने वाले को लेकर टिकरिहा ने कहा कि “वह मेरे परिवार का नहीं है और जिनसे उसे जोड़ा जा रहा है उनसे मेरा कोई लेना-देना नहीं है।”
टिकरिहा का आरोप है कि कांग्रेस लगातार इस विवाद को हवा दे रही है, क्योंकि बेमेतरा में जब-जब पूर्व सीएम का दौरा होता है, वह वहां जनहित के मुद्दे उठाते हैं और इसी वजह से उन्हें 14 एफआईआर का सामना करना पड़ा और पांच बार जेल भी जाना पड़ा।
सबसे बड़ा सवाल अब वायरल ऑडियो पर है। टिकरिहा ने इसे “फर्जी और छेड़छाड़ किया गया” बताया। उनका कहना है कि इसे पहले ही न्यायालय में प्रस्तुत कर झूठा साबित किया जा चुका है। “जितने स्क्रीनशॉट हमारे पास आएंगे, हम सब पर मानहानि का नोटिस भेजेंगे और कानूनी कार्रवाई करेंगे।”




