नई दिल्ली। साल 2025 का दूसरा और आखिरी चंद्र ग्रहण आज यानी 7 सितंबर को लगने जा रहा है। यह एक पूर्ण चंद्र ग्रहण होगा, जो भारतीय समयानुसार रात 09:58 बजे शुरू होकर 01:26 बजे तक चलेगा। रात 11:42 बजे पूर्ण चंद्र ग्रहण का दृश्य स्पष्ट रूप से देखा जा सकेगा।
3 साल बाद सबसे लंबा चंद्र ग्रहण
यह ग्रहण पूरे तीन साल बाद लग रहा है और इसकी अवधि भी सबसे लंबी मानी जा रही है। खास बात यह है कि यह पितृपक्ष की शुरुआत के साथ हो रहा है, जो एक दुर्लभ संयोग है और लगभग 500 साल बाद बना है। इस दिन शनि-मंगल का समसप्तक योग, राहु-चंद्रमा की युति और सूर्य-बुध-केतु की त्रिग्रही युति भी बन रही है।
ज्योतिषीय प्रभाव
हिंदू मान्यताओं के अनुसार, चंद्र ग्रहण को अशुभ घटना माना जाता है। इस बार का ग्रहण कुंभ राशि में लगने वाला है, इसलिए इसका सबसे अधिक प्रभाव इसी राशि के जातकों पर पड़ेगा। अन्य राशियों पर भी इसका असर देखने को मिलेगा।
सूतक काल और सावधानियां
ग्रहण से पहले सूतक काल दोपहर 12:57 बजे से शुरू हो गया है। ग्रहण और सूतक के दौरान खासतौर पर बच्चों, बुजुर्गों, गर्भवती महिलाओं और रोगियों को सावधानी बरतने की सलाह दी गई है। शाम 05:10 से 06:35 बजे तक राहुकाल भी रहेगा। इस दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचने की सलाह दी गई है।




