नई दिल्ली। आज 7 सितंबर 2025 को साल का दूसरा और अंतिम चंद्र ग्रहण लगने जा रहा है। यह चंद्र ग्रहण भारत समेत कई देशों में दिखाई देगा। चूंकि यह भारत में दृश्यमान होगा, इसलिए यहां इसका सूतक काल भी मान्य रहेगा। इस दौरान धार्मिक अनुष्ठान और शुभ कार्य करने पर रोक रहेगी।
कब शुरू और कब खत्म होगा चंद्र ग्रहण?
भारतीय समयानुसार चंद्र ग्रहण रात 9 बजकर 58 मिनट पर शुरू होगा और देर रात 1 बजकर 26 मिनट पर समाप्त होगा। इस तरह ग्रहण की कुल अवधि लगभग 3 घंटे 28 मिनट रहेगी।
कब होगा चंद्र ग्रहण अपने पीक पर?
ग्रहण का सर्वाधिक प्रभाव रात 11 बजकर 01 मिनट से 12 बजकर 22 मिनट के बीच रहेगा। इसका चरम समय रात 11 बजकर 42 मिनट पर होगा। इस दौरान लोग पूर्ण चंद्र ग्रहण का साफ नजारा देख पाएंगे।
सावधानी बरतने की अपील
ज्योतिषविदों के अनुसार, ग्रहण का विशेष प्रभाव जीवन और स्वास्थ्य पर पड़ सकता है। रात 11:01 बजे से 12:22 बजे तक चंद्रमा अपने सबसे प्रबल प्रभाव में होगा, ऐसे में लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी गई है। धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, सूतक काल में भोजन, पूजा और अन्य शुभ कार्य वर्जित माने जाते हैं।
आज का यह खगोलीय दृश्य भारत समेत दुनियाभर के लोगों के लिए खास रहेगा क्योंकि इसके बाद अब अगला चंद्र ग्रहण अगले वर्ष ही देखा जा सकेगा।




