बस्तर। जिले के कोड़ेनार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम किलेपाल के पास गुरुवार और शुक्रवार की दरम्यानी रात एक दिल दहला देने वाला सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार और बोलेरो के बीच भीषण टक्कर के बाद दोनों वाहनों में आग लग गई। हादसे में कार सवार दो युवकों की मौके पर ही जिंदा जलकर दर्दनाक मौत हो गई, जबकि अन्य युवक किसी तरह अपनी जान बचाने में सफल रहे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, हादसा रात करीब 1 बजे हुआ जब जगदलपुर से दंतेवाड़ा की ओर जा रही बोलेरो और विपरीत दिशा से आ रही कार की सीधी भिड़ंत हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि दोनों वाहनों में पल भर में आग लग गई। कार में सवार तीन युवकों में से केवल पीछे की सीट पर बैठा युवक ही किसी तरह बाहर निकल सका, जबकि आगे बैठे दो युवक कार में ही फंस गए और जिंदा जल गए।
Read Also- बीजापुर में नक्सली मुठभेड़: दो माओवादी ढेर, हथियार और विस्फोटक बरामद
बोलेरो में सवार युवक भी किसी तरह से बाहर निकलने में सफल रहे और उन्होंने तत्काल पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। मौके पर पहुंची फायर ब्रिगेड की टीम ने घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। जब तक आग बुझी, तब तक कार पूरी तरह जल चुकी थी और उसमें से दो कंकाल बरामद किए गए।
अभी तक नहीं हो सकी मृतकों की शिनाख्त
घटना के बाद घायल युवकों को तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां से उन्हें गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज (मेकाज) रेफर कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि अस्पताल में भर्ती युवक से पूछताछ के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि मृतक कौन थे और दुर्घटना किस कारण हुई।




