रायपुर। छत्तीसगढ़ कैडर के 1994 बैच के वरिष्ठ आईएएस अधिकारी विकास शील को राज्य का अगला मुख्य सचिव बनाए जाने की प्रबल संभावना है। केंद्र सरकार ने उन्हें एशियाई विकास बैंक (ADB), मनीला से वापस बुला लिया है। बीते दिन एडीबी में उनका औपचारिक फेयरवेल भी हो गया। वे भारत लौटने की तैयारी में हैं और अगले हफ्ते रायपुर आने की संभावना है।
डीओपीटी से जारी हुआ आदेश
मिली जानकारी के अनुसार, कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग (डीओपीटी) ने 12 सितंबर को विकास शील को वापस बुलाने संबंधी आदेश जारी किया था। इसके बाद एडीबी ने तुरंत उन्हें रिलीव कर उनकी जगह नई नियुक्ति कर दी। बताया जा रहा है कि केंद्र सरकार कुछ ही दिनों में उनके डेपुटेशन समाप्त कर छत्तीसगढ़ लौटने का औपचारिक आदेश जारी कर सकती है। माना जा रहा है कि सप्ताहभर के भीतर उन्हें नए मुख्य सचिव की जिम्मेदारी सौंप दी जाएगी।
Read Also- कर्रेगुट्टा पहाड़ी पर बनेगा देश का दूसरा जंगल वारफेयर कॉलेज, कभी ‘लाल आतंक’ का गढ़ रहा इलाका, अब बनेगा जवानों की ट्रेनिंग का अड्डा
छत्तीसगढ़ में कई अहम पदों पर रह चुके हैं
देहरादून निवासी विकास शील आईएएस बनने के बाद मध्यप्रदेश कैडर में शामिल हुए थे, लेकिन नवंबर 2000 में राज्य विभाजन के बाद उन्हें छत्तीसगढ़ कैडर मिल गया। यहां वे कोरिया, बिलासपुर और रायपुर के कलेक्टर रह चुके हैं। सचिव स्तर पर उन्होंने स्कूल शिक्षा, खाद्य, सामान्य प्रशासन और स्वास्थ्य जैसे महत्वपूर्ण विभागों की जिम्मेदारी संभाली है।
निधि छिब्बर की भी नई पोस्टिंग
विकास शील की पत्नी निधि छिब्बर भी 1994 बैच की आईएएस अधिकारी हैं और वर्तमान में नीति आयोग में पदस्थ थीं। जानकरी के अनुसार, केंद्र ने उन्हें भी नई जिम्मेदारी सौंप दी है और वे शीघ्र ही नीति आयोग से रिलीव हो जाएंगी। दोनों अधिकारी वर्ष 2016 में केंद्रीय डेपुटेशन पर दिल्ली चले गए थे। पिछले वर्ष विकास शील को एडीबी में तीन साल के लिए एग्जीक्यूटिव डायरेक्टर नियुक्त किया गया था, लेकिन महज डेढ़ साल में ही केंद्र ने उन्हें छत्तीसगढ़ का मुख्य सचिव बनाने की तैयारी कर ली है।




