आशीष पदमवार
बीजापुर। छत्तीसगढ़ के बीजापुर जिले के मनकेली के घने जंगलों में सुरक्षाबलों को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। बुधवार सुबह माओवादियों और सुरक्षाबलों के बीच हुई मुठभेड़ में दो कुख्यात इनामी नक्सली मारे गए। मारे गए दोनों नक्सलियों पर कुल 7 लाख रुपये का इनाम घोषित था और वे कई हिंसक वारदातों में शामिल थे।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, सुरक्षाबलों को नक्सलियों की मौजूदगी की गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके आधार पर इलाके में एक विशेष सर्च ऑपरेशन चलाया गया। ऑपरेशन के दौरान माओवादियों ने जवानों पर अचानक गोलीबारी शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में जवानों ने दो इनामी नक्सलियों को ढेर कर दिया।
मारे गए नक्सलियों की पहचान:
- रघु हपका – माओवादी कमांडर, 5 लाख रुपये का इनामी
- सुक्कु हेमला – सक्रिय माओवादी सदस्य, 2 लाख रुपये का इनामी
बरामद सामग्री में शामिल हैं:
- एक .303 रायफल
- एक मैग्जीन और चार जिंदा राउंड
- एक बीजीएल लांचर और तीन सेल
- बैटरी, सेफ्टी फ्यूज, कार्डेक्स वायर
- माओवादी वर्दी, पिट्ठू बैग, दवाइयां और अन्य नक्सली दस्तावेज
बस्तर रेंज के पुलिस महानिरीक्षक सुंदरराज पी. ने मुठभेड़ को सुरक्षाबलों की महत्वपूर्ण सफलता बताया और पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि, बस्तर में तैनात पुलिस और सुरक्षाबल आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध हैं। क्षेत्र में शांति स्थापित करने का प्रयास लगातार जारी रहेगा।
आईजी ने माओवादी कैडरों से हिंसा का रास्ता छोड़ने और सरकार की पुनर्वास नीति का लाभ उठाकर मुख्यधारा में लौटने की अपील की। उन्होंने कहा कि अब उनके पास सम्मानजनक जीवन जीने का यही एकमात्र मार्ग है।




