रायपुर। भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व गृहमंत्री ननकीराम कंवर 4 अक्टूबर को मुख्यमंत्री निवास के सामने धरना-प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने इसके लिए रायपुर कलेक्टर गौरव सिंह को पत्र लिखकर अनुमति मांगी है।

पूर्व मंत्री ने पहले ही कोरबा कलेक्टर अजीत वसंत को हटाने के लिए मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष को पत्र भेजा था। रायपुर कलेक्टर को लिखे पत्र में कंवर ने कहा कि उन्होंने कलेक्टर के खिलाफ जन भावना को देखते हुए 14 बिंदुओं पर शिकायत की, लेकिन भ्रष्ट प्रशासनिक अधिकारी के खिलाफ कोई कार्रवाई न होने के कारण उन्हें धरने पर बैठने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है।
ननकीराम कंवर ने आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री का कार्यालय कुछ आईएएस अधिकारियों के नियंत्रण में है, जो भ्रष्ट अधिकारियों को बचाने के लिए मुख्यमंत्री को वास्तविक जानकारी से दूर रख रहे हैं। उन्होंने कहा कि उनके द्वारा पूर्ववर्ती सरकार के कार्यकाल में दर्ज कराई गई कई बड़ी शिकायतें जांच में पूरी तरह प्रमाणित हुई थीं।
पूर्व गृहमंत्री ने पत्र में लिखा, जब मेरे जैसे वरिष्ठ और अनुभवी नेता की शिकायत पर भी कार्रवाई नहीं हो रही है, तो अन्य जनप्रतिनिधियों की शिकायतों को किस तरह से संज्ञान लिया जा रहा होगा, यह समझा जा सकता है। कोरबा कलेक्टर के भ्रष्टाचार पर पर्दा डालने में सरकार में बैठे बड़े अधिकारियों का योगदान लोकतंत्र के लिए उचित नहीं है।
Read Also- सुरक्षाबलों की बड़ी कार्रवाई: जंगल में छुपी नक्सली ऑर्डिनेंस फैक्ट्री को किया तबाह, भारी मात्रा में हथियार बरामद
ज्ञात हो कि 22 अगस्त को ननकीराम कंवर ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कलेक्टर को हटाने की मांग की थी। उन्होंने आरोप लगाया था कि कलेक्टर “हिटलर प्रशासक” की तरह कार्य कर रहे हैं और उनके खिलाफ सैकड़ों भ्रष्टाचार के मामले हैं। उन्होंने चेतावनी दी थी कि अगर तीन दिन के भीतर कलेक्टर को हटाया नहीं गया, तो वे शासन-प्रशासन के खिलाफ धरने पर बैठेंगे।